इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के ऑक्शन में स्पिनर रवि बिश्नोई पर जमकर बोली लगी और वह एक बार फिर करोड़पति बन गए। पिछले सीजन में लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए खेलने वाले रवि बिश्नोई को इस बार राजस्थान रॉयल्स ने 7 करोड़ 20 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। बिश्नोई ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस के साथ उतरे थे।
रवि बिश्नोई के नाम पर सबसे पहले राजस्थान रॉयल्स ने ओपनिंग बिड की। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने भी बोली में एंट्री की। राजस्थान और सीएसके के बीच बोली 6 करोड़ रुपये तक पहुँची। जैसे ही सीएसके ने पीछे हटने का फैसला किया, सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) भी बोली में कूद पड़ी। तीन टीमों के बीच चली लंबी खींचतान के बाद आखिरकार राजस्थान रॉयल्स ने 7 करोड़ 20 लाख रुपये की बोली लगाकर बिश्नोई को अपने नाम कर लिया।
गौरतलब है कि पिछले सीजन में लखनऊ सुपरजायंट्स ने रवि बिश्नोई को 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। इस लिहाज से इस बार उन्हें करीब 3 करोड़ 80 लाख रुपये कम मिले, यानी आर्थिक तौर पर उन्हें नुकसान हुआ। आईपीएल 2025 में उनके औसत प्रदर्शन को देखते हुए ही लखनऊ ने उन्हें रिलीज करने का फैसला किया था।
#RajasthanRoyals welcome leg-spinner Ravi Bishnoi after a fierce bidding battle between #RR, #CSK & #SRH ! 💗💥
Rajasthan padhaare, Ravi Bishnoi! 🩷#TATAIPLAuction 2026 | LIVE NOW 👉 https://t.co/NZ92stKxPU pic.twitter.com/n1yzSL5dyk
— Star Sports (@StarSportsIndia) December 16, 2025
राजस्थान रॉयल्स के लिए रवि बिश्नोई की एंट्री काफी अहम मानी जा रही है। पिछले सीजन में युजवेंद्र चहल की कमी टीम को खल रही थी, जिसे अब बिश्नोई पूरा कर सकते हैं। इसके अलावा राजस्थान ने रविंद्र जडेजा के साथ रवि बिश्नोई की एक नई और मजबूत भारतीय स्पिन जोड़ी तैयार कर ली है। ऑक्शन से पहले राजस्थान ने जडेजा को चेन्नई सुपर किंग्स से ट्रेड के जरिए अपनी टीम में शामिल किया था, जिसके बदले संजू सैमसन सीएसके को गए।
रवि बिश्नोई घरेलू पिचों पर शानदार रिकॉर्ड रखते हैं। वह एक बेहतरीन फील्डर हैं और निचले क्रम में तेज रन बनाने की क्षमता भी रखते हैं। अब तक वह आईपीएल में दो टीमों के लिए खेल चुके हैं और 2026 में वह लीग में अपनी तीसरी टीम राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते नजर आएंगे।
आईपीएल करियर की बात करें तो रवि बिश्नोई अब तक 77 मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 31.06 की औसत से 72 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 24 रन देकर 3 विकेट रहा है। साल 2023 में उन्होंने लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा 16 विकेट लिए थे।
हालाँकि, आईपीएल 2025 में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। उस सीजन में उन्होंने लखनऊ के लिए 11 मैच खेले और सिर्फ 9 विकेट ही ले पाए। पिछले सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 18 रन देकर 2 विकेट लेना रहा। अब राजस्थान रॉयल्स के साथ रवि बिश्नोई से एक बार फिर दमदार वापसी की उम्मीद की जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel