श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर मार्च माह में श्री राम जन्मभूमि परिसर में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम के लिए देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को औपचारिक रूप से आमंत्रण पत्र सौंपा है। इस कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राम मंदिर के दूसरे तल पर श्रीराम यंत्र की स्थापना करेंगी।
ट्रस्ट की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को अयोध्या पहुँचेंगी। अपने दौरे के दौरान वे श्रीरामलला के दर्शन भी करेंगी और मंदिर परिसर में होने वाले धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगी।
राष्ट्रपति को आमंत्रण देने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति भवन पहुँचा। इस दौरान ट्रस्ट के महासचिव श्री चंपत राय, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि जी, ट्रस्टी श्री कृष्णमोहन और निर्माण समिति के अध्यक्ष श्री नृपेंद्र मिश्र उपस्थित रहे।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र द्वारा चैत्र शुक्ल प्रतिपदा संवत् २०८३ तदनुसार दिनांक 19 मार्च 2026 को श्री रामजन्मभूमि परिसर में आयोजित कार्यक्रम हेतु भारत की माननीय राष्ट्रपति महोदया को निमंत्रण दिया गया।
इस अवसर पर न्यास के महामंत्री श्री चंपत राय, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविन्देव… pic.twitter.com/Zl2RL4vtnG
— Shri Ram Janmbhoomi Teerth Kshetra (@ShriRamTeerth) January 21, 2026
ट्रस्ट ने बताया कि यह कार्यक्रम पारंपरिक वैदिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न किया जाएगा। आयोजन के तहत राम मंदिर परिसर से जुड़े कई महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठान होंगे, जिनमें संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस अवसर को ऐतिहासिक और गहरी श्रद्धा से जुड़ा हुआ बताया है। ट्रस्ट के अनुसार यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि राम मंदिर के निर्माण और उसकी आध्यात्मिक यात्रा में एक और अहम अध्याय जोड़ने वाला साबित होगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel