अमेरिका में ऊर्जा संकट के बीच एक और बड़ी घटना सामने आई है। टेक्सास के पोर्ट आर्थर स्थित Valero Energy की रिफाइनरी में जोरदार विस्फोट हो गया, जिसके बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन ने विस्फोट के बाद तुरंत शेल्टर-इन-प्लेस (घर में रहने) का आदेश जारी किया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि रिफाइनरी में हुए विस्फोट और आग को देखते हुए आसपास के सभी निवासियों को अपनी सुरक्षा के लिए घरों के अंदर ही रहना चाहिए।
पोर्ट आर्थर के आपातकालीन प्रबंधन विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि यह आदेश एक बड़े इलाके में लागू किया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे से लोगों को बचाया जा सके।
BREAKING: Explosion and fire reported at Valero refinery in Port Arthur, Texas pic.twitter.com/i7UpGeZENH
— Insider Paper (@TheInsiderPaper) March 24, 2026
इस बीच Valero Energy ने बयान जारी कर बताया कि रिफाइनरी की एक यूनिट में आग लगी है, लेकिन सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। कंपनी ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में रिफाइनरी से उठती ऊंची आग की लपटें और काले धुएं का गुबार देखा जा सकता है। आसपास के निवासियों ने जोरदार धमाके की आवाज सुनी, जिससे कई घरों की खिड़कियां तक हिल गईं।
यह रिफाइनरी ह्यूस्टन से लगभग 90 मील पूर्व में स्थित है और यहां करीब 800 कर्मचारी काम करते हैं। जानकारी के अनुसार, यह रिफाइनरी प्रतिदिन लगभग 4,35,000 बैरल कच्चे तेल को प्रोसेस कर गैसोलीन, डीजल और जेट ईंधन में बदलती है।
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते पहले ही तेल की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है, और इस हादसे ने ऊर्जा बाजार को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel