दिल्ली पुलिस ने आईएसआईएस से जुड़े आतंकी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई निवासी आतंकी आफताब को गिरफ्तार किया गया है, जिससे फिलहाल पूछताछ जारी है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने एक नेपाली नागरिक प्रभात कुमार चौरसिया को भी गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि वह आतंकियों को भारतीय सिम कार्ड उपलब्ध कराता था, जिससे आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने में आसानी होती थी।
इसी दौरान राँची से भी एक बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस, झारखंड पुलिस और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में बोकारो जिले के पेटवार निवासी दानिश को गिरफ्तार किया गया। उसे राँची के इस्लामनगर इलाके से पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली स्पेशल सेल को उसकी तलाश पहले से थी। दानिश की गिरफ्तारी को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि वह आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
पुलिस को शक है कि दानिश किसी नेटवर्क का संचालन कर रहा था। उसके पास से खुफिया दस्तावेज, रसायन और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। जाँच एजेंसियों का मानना है कि वह विस्फोटक बनाने वाली सामग्री का इस्तेमाल कर किसी बड़े आतंकी साजिश की तैयारी कर रहा था। इसके अलावा झारखंड के पलामू से भी एक संदिग्ध व्यक्ति को दिल्ली स्पेशल सेल और एटीएस ने हिरासत में लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, देशभर में 12 जगहों पर स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियों ने छापेमारी की है। इस दौरान 8 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है ताकि आईएसआईएस से जुड़े इस नेटवर्क की पूरी जानकारी सामने आ सके। इन गिरफ्तारियों ने साफ कर दिया है कि सुरक्षा एजेंसियाँ लगातार आतंकी संगठनों की साजिशों को नाकाम करने में जुटी हैं।