आज सुबह भारतीय शेयर बाजार ने शानदार शुरुआत की। निफ्टी ने 25,000 के ऊपर ओपनिंग की और सेंसेक्स में भी 200 अंकों से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। ग्लोबल मार्केट्स से मिल रहे पॉजिटिव संकेत और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद ने बाजार में तेजी का माहौल बनाया है।
इस बढ़त में अदाणी ग्रुप के शेयरों का भी खास योगदान रहा। समूह की लगभग सभी लिस्टेड कंपनियों के शेयर हरे निशान में खुले। सबसे ज्यादा तेजी अदाणी पावर में देखने को मिली, जो ₹12.85 बढ़कर ₹637.50 पर पहुंचा, यानी करीब 2.06% की छलांग। अदाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर भी 0.87% चढ़कर ₹984.80 पर रहा। वहीं, अदाणी टोटल गैस ₹609.10 पर पहुंचा, जिसमें ₹2.85 की बढ़त हुई।
इसी तरह, अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड का शेयर ₹1.60 की बढ़त के साथ ₹1,394.70 पर कारोबार करता दिखा। अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ₹815.95 पर पहुंचा, जिसमें ₹2.25 की तेजी रही। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज में हल्की बढ़त दर्ज हुई और यह ₹2,404.00 पर कारोबार कर रहा था।
ग्लोबल मार्केट की मजबूती भी भारतीय बाजार के उत्साह की बड़ी वजह रही। अमेरिका में महंगाई और रोजगार के ताजा आंकड़ों के बाद अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि फेडरल रिजर्व अपनी अगली बैठक में 25 बेसिस पॉइंट की दर कटौती करेगा। इससे वॉल स्ट्रीट के तीनों प्रमुख इंडेक्स — डॉव, नैस्डैक और एसएंडपी 500 — नए रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए हैं। एशियाई बाजारों में भी तेजी देखने को मिली है, जहां हांगकांग का बाजार 1.5% ऊपर है और सियोल, टोक्यो, शंघाई, सिडनी, सिंगापुर और मनीला के बाजार भी हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं।
अब सभी निवेशकों की निगाहें अमेरिकी फेड की बैठक और चेयरमैन जेरोम पॉवेल के बयान पर टिकी हुई हैं, जो आने वाले दिनों में वैश्विक और भारतीय बाजारों की दिशा तय कर सकता है।