ऑस्ट्रिया के ग्राज़ शहर में स्थित बोर्ग ड्रेयर्सचुटजेनगैस हाई स्कूल में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली सामूहिक गोलीबारी की घटना सामने आई, जिसमें कम से कम पांच छात्रों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी सुबह 10 बजे स्थानीय समयानुसार पुलिस को गोलियों की आवाज सुनने संबंधी कॉल के जरिए मिली, जिसके बाद विशेष बलों को मौके पर भेजा गया। ऑस्ट्रिया के गृह मंत्रालय ने घटना में कई लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है, हालांकि उन्होंने मृतकों की सटीक संख्या या घायलों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मृतकों की संख्या आठ तक हो सकती है और हमलावर ने बाद में आत्महत्या कर ली, लेकिन इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस प्रवक्ता सबरी योरगुन ने बताया कि घटना की जांच जारी है और सुरक्षा बलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल को पूरी तरह खाली करा लिया। ग्राज़ पुलिस ने सुबह 11:30 बजे सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि स्कूल परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है और सभी छात्र व कर्मचारी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिए गए हैं। इस बीच पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
ग्राज़, जिसकी आबादी तीन लाख से अधिक है, ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना से लगभग 200 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है और देश का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। इस भयावह घटना ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया है और स्कूलों में सुरक्षा को लेकर गहन चर्चा शुरू हो गई है।