जोधपुर | राजस्थान
राजस्थान के जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की अचानक हुई मौत रहस्य बनती जा रही है। 29 जनवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। जोधपुर के पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देशन में गठित पुलिस टीम हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
साध्वी के पिता और गुरु वीरम नाथ के अनुसार, साध्वी पिछले कुछ दिनों से सर्दी, खांसी और बुखार से पीड़ित थीं। इसी वजह से आश्रम में एक कंपाउंडर को बुलाया गया, जिसने उन्हें इंजेक्शन लगाया। आरोप है कि इंजेक्शन लगने के महज पांच मिनट के भीतर ही साध्वी की तबीयत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने संबंधित कंपाउंडर को हिरासत में ले लिया है और इंजेक्शन के खोल सहित अन्य मेडिकल सामग्री को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
मामले में सबसे बड़ी गुत्थी साध्वी प्रेम बाईसा के इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़ी है। साध्वी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और उनके इंस्टाग्राम पर करीब सात लाख फॉलोअर्स थे। जिस दिन उनकी मौत की खबर सामने आई, उसी दिन उनके अकाउंट से एक लंबा भावनात्मक पोस्ट भी साझा किया गया। इस पोस्ट में सनातन धर्म के प्रति उनकी आस्था, जीवन संघर्ष और न्याय की उम्मीद का जिक्र किया गया था।
जोधपुर की साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
मौत के बाद इंस्टाग्राम की यह पोस्ट चर्चा का विषय बनी। कई लोगों का दावा मृत्यु के बाद इंस्टाग्राम अकाउंट से यह पोस्ट हुई।
पूरे मामले के हाई लेवल जाँच की मांग। pic.twitter.com/bfertmCMZA
— Shubham Shukla (@Shubhamshuklamp) January 28, 2026
इस पोस्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि यह कथित तौर पर साध्वी की मौत के लगभग चार घंटे बाद प्रकाशित हुआ। पोस्ट की भाषा और भाव किसी अंतिम संदेश या सुसाइड नोट जैसी प्रतीत हो रही है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि यदि साध्वी की मृत्यु शाम करीब पांच बजे हो गई थी, तो यह पोस्ट उनके अकाउंट से कैसे किया गया।
इस पूरे मामले पर साध्वी के पिता वीरम नाथ ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह पोस्ट साध्वी के ही मोबाइल फोन से किया गया था। उन्होंने दावा किया कि साध्वी ने अपने अंतिम समय में एक साथी गुरु महाराज से मोबाइल के जरिए यह संदेश पोस्ट करने के लिए कहा था। वीरम नाथ के अनुसार, साध्वी अपने अंतिम क्षणों में न्याय मिलने की बात कह रही थीं।
पुलिस अब इंजेक्शन देने की प्रक्रिया, कंपाउंडर की भूमिका, मेडिकल पहलुओं के साथ-साथ इंस्टाग्राम पोस्ट से जुड़े सभी तकनीकी और परिस्थितिजन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्ट से जुड़े सवालों और परिजनों के दावों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है, ताकि साध्वी प्रेम बाईसा की मौत से जुड़े रहस्य से पर्दा उठाया जा सके।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel