Skip to content
Thursday, October 29, 2026

वाराणसी : पर्यावरण संरक्षण को लेकर काशी से दिल्ली तक साइकिल यात्रा का शुभारंभ

वाराणसी : पर्यावरण संरक्षण को लेकर काशी से दिल्ली तक साइकिल यात्रा का शुभारंभ

पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन , पर्यावरण अनुरूप जीवन शैली और बेहतर मानव जीवन को समर्पित अभियान “मिशन लाइफ” के तहत काशी हिंदू विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में “मिशन लाइफ साइकिल यात्रा” का आयोजन वाराणसी से नई दिल्ली तक किया गया है। मिशन लाइफ साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रोफेसर विजय कुमार शुक्ला, मालवीय भवन के निदेशक प्रोफेसर राजाराम शुक्ला, विश्वविद्यालय के मुख्य आरक्षाधिकारी प्रोफेसर अभिमन्यु सिंह और छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रोफेसर अनुपम कुमार निमानी ने मालवीय भवन से विदा किया।

साइकिल यात्रियों को संबोधित करते हुए कुलगुरू प्रोफेसर विजय कुमार शुक्ला ने कहा कि हमें पर्यावरण के संरक्षण के लिए अपने व्यवहार में परिवर्तन लाना होगा और प्रकृति के अनुरूप प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग और उसका संरक्षण पर गंभीरता से विचार करना होगा। अपने उद्बोधन में मालवीय भवन के निदेशक प्रोफेसर राजाराम शुक्ला ने कहा कि आज पर्यावरण में जिस तरह का परिवर्तन दृष्टिगोचर हो रहा है वह मानव जीवन के लिए गंभीर चेतावनी है। प्रोफेसर अभिमन्यु सिंह ने स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने बहुत ही समसामयिक विषय पर्यावरण के लिए जागरूकता का संदेश लेकर लोगों तक जाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर अनुपम कुमार ने यात्रा मार्ग में लोगों से इस गंभीर विषय पर चिंतन करने और उससे निपटने हेतु प्रयास करने की दिशा में सतत कार्यक्रम के आयोजन हेतु प्लानिंग करने की बात की।

तेरह सदस्यीय इस साइकिल रैली का शुभारंभ काशी हिंदू विश्वविद्यालय के महामना मदन मोहन मालवीय भवन से 7 जून को किया गया। यह साइकिल रैली जौनपुर, लंभुआ, मुसाफिरखाना, बुरहानपुर, लखनऊ, औरस, कन्नौज एटा, अलीगढ़, बुलंदशहर, नोएडा होते हुए 19 जून को दिल्ली पहुंचेगी। यात्रा मार्ग में साइकिल यात्री विभिन्न ग्रामीण विद्यालय, महाविद्यालय, युवक मंडल, स्वयंसेवी सेवा संगठन, जिला प्रशासन से मुलाकात करते हुए जन जागरूकता हेतु युवा संवाद, नुक्कड़ नाटक, समूह चर्चा आदि में भाग लेंगे। इस यात्रा का मूल उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और बेहतर मानव जीवन के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के बारे में जागरूकता पैदा करना है। साइकिल यात्री विभिन्न जिला मुख्यालय से गुजरते हुए जन जागरण हेतु युवा चिंतन, कवि गोष्ठी, युवा गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

Filed under Uttar Pradesh

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.