Skip to content
Saturday, October 31, 2026

मध्य प्रदेश की बची 94 सीटों का सस्पेंस होगा खत्म, राजस्थान में 70 नाम क्लियर

मध्य प्रदेश की बची 94 सीटों का सस्पेंस होगा खत्म, राजस्थान में 70 नाम क्लियर

राजस्थान, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में होने वाले विधानसभा चुनाव (Assembly Polls) के लिए बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट (BJP Candidates List) का इंतजार आज (शनिवार को) खत्म हो सकता है. शुक्रवार को बीजेपी हेडक्वार्टर में 3 राज्यों यानी एमपी, राजस्थान और तेलंगाना की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक पूरी हो गई. इस मीटिंग की अध्यक्षता बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत केंद्रीय चुनाव समिति के तमाम सदस्य भी शामिल हुए. बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश की बची हुई 94 विधानसभा सीटों पर अंतिम मुहर लग गई है. इसके अलावा तेलंगाना की कुल 119 सीटों के उम्मीदवारों के लिए भी नाम तय हो गए हैं.

सीईसी की बैठक में उम्मीदवारों पर मंथन

बता दें कि बीजेपी राजस्थान, मध्य प्रदेश और तेलंगाना की तमाम सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान आज कर सकती है. दिल्ली में हुई सीईसी की बैठक में राजस्थान कोर ग्रुप के सदस्य, मध्य प्रदेश कोर ग्रुप के सदस्य और तेलंगाना कोर ग्रुप के सदस्य भी शामिल थे. मध्य प्रदेश से नरेंद्र सिंह तोमर, शिवराज सिंह चौहान समेत कोर ग्रुप के अन्य सदस्य शामिल हुए. वहीं, राजस्थान से वसुंधरा राजे सिंधिया, भूपेंद्र यादव, ओम माथुर समेत अन्य कोर ग्रुप के सदस्य बैठक में शामिल होने पहुंचे.

पीएम मोदी का कार्यकर्ताओं को संदेश

वहीं, तेलंगाना से जी. किशन रेड्डी, तरुण चुग, के लक्ष्मण, डीके अरूणा, सुनील बंसल, संजय बंदी और प्रकाश जावड़ेकर ने बैठक में हिस्सा लिया. सीईसी की बैठक में राजस्थान की 159 सीटों पर मंथन हुआ. 70 टिकट पर पूर्ण सहमति बन चुकी है और 10 पर आंशिक सहमति है. मीटिंग में पीएम मोदी ने कहा कि दल से बड़ा कोई नहीं, एकजुट होकर कमल खिलाएं.

2024 चुनाव का सेमीफाइनल!

जान लें कि बीजेपी जहां मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रखने तो राजस्थान में 5 साल बाद फिर से वापसी करने की जुगत में लगी हुई है. वहीं, तेलंगाना में बीजेपी जमीन तलाश रही है. एमपी और राजस्थान में बीजेपी की सीधी लड़ाई कांग्रेस से है. वहीं, तेलंगाना में केसीआर की पार्टी बीआएस की सरकार है. यहां बीजेपी का मुकाबला बीआरएस और कांग्रेस से है. इस विधानसभा चुनावों को लोकसभा इलेक्शन 2024 का सेमीफाइनल कहा जा रहा है. हर पार्टी इन चुनावों से राज्यों में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है.

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.