Skip to content
Monday, November 2, 2026 Ahmedabad 32°C

महिला किसानों को ड्रोन, 25000 जनऔषधि केंद्र, 5 साल मुफ्त अनाज: PM मोदी ने रखा विकसित भारत का लक्ष्य, 51000 लोगों को देंगे नियुक्ति पत्र

महिला किसानों को ड्रोन, 25000 जनऔषधि केंद्र, 5 साल मुफ्त अनाज: PM मोदी ने रखा विकसित भारत का लक्ष्य, 51000 लोगों को देंगे नियुक्ति पत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (30 नवंबर 2023) को एक वर्चुअल कार्यक्रम में महिला किसान ड्रोन केंद्र का उद्घाटन किया। दरअसल, केंद्र सरकार महिला सहायता समूहों को 15 हजार ड्रोन देगी। इसके अलावा, उन्होंने देवघर एम्स में 10,000वें औषधि केंद्र का भी उद्घाटन किया है। जन औषधि केंद्रों को 25,000 तक किया जाएगा। पीएम मोदी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से भी बातचीत की।

दरअसल, यह केंद्र महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को ड्रोन प्रदान करेगा, ताकि इस तकनीक का उपयोग आजीविका सहायता के लिए कर सकें। अगले तीन वर्षों के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों को 15,000 ड्रोन उपलब्ध कराए जाएँगे। महिलाओं को ड्रोन उड़ाने और इसे उपयोग करने के लिए जरूरी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। यह पहल कृषि में प्रौद्योगिकी के उपयोग को प्रोत्साहित करेगी।

इसके साथ ही स्वास्थ्य देखभाल को किफायती और सुलभ बनाने के लिए भारत सरकार ने स्वस्थ भारत के दृष्टिकोण को अपनाया है। इसके लिए सरकार सस्ती कीमतों पर दवाएँ उपलब्ध कराने के लिए जन औषधि केंद्र की स्थापना रही है। प्रधानमंत्री ने देवघर AIIMS में ऐतिहासिक 10,000वें जनऔषधि केंद्र को समर्पित किया।

इसके साथ ही उन्होंने देश में जनऔषधि केंद्रों की संख्या 10,000 से बढ़ाकर 25,000 करने के कार्यक्रम की भी शुरुआत की। बता दें कि महिला स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन देने और जनऔषधि केंद्रों की संख्या 10,000 से बढ़ाकर 25,000 करने की घोषणा प्रधानमंत्री ने इस साल अपने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में की थी।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को अगले पाँच वर्ष के लिए बढ़ाने की मंजूरी दी है। इस पर 11.80 लाख करोड़ रुपए खर्च किए जाएँगे। इस योजना के तहत आने वाले परिवारों को हर महीने मुफ्त अनाज मिलता रहेगा।

https://twitter.com/i/broadcasts/1ZkJzjammPeJv

इसके साथ ही प्रधानमंत्री गुरुवार की शाम को रोजगार मेला को वर्चुअली संबोधित करेंगे। इसमें वे विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़े देश भर के 51,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र देंगे। इसका आयोजन शाम को लगभग 4 बजे किया जाएगा।

रोजगार मेला देश भर में 37 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। इस पहल का समर्थन करने वाले केंद्र सरकार के विभागों के साथ-साथ राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों में भर्तियाँ हो रही हैं। देश भर से चुने गए नए कर्मचारी राजस्व विभाग, गृह मंत्रालय, उच्च शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, वित्तीय सेवा विभाग, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और श्रम और रोजगार मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों/विभागों में सरकार में शामिल होंगे।

इन नवनियुक्त लोगों को आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर एक ऑनलाइन मॉड्यूल ‘कर्मयोगी प्रारंभ’ के माध्यम से खुद को प्रशिक्षित करने का भी अवसर मिलेगा। इस पोर्टल पर ‘कहीं भी किसी भी डिवाइस से’ सीखने के प्रारूप के लिए 800 से अधिक ई-लर्निंग पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं।

Filed under India

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.