Skip to content
Monday, November 2, 2026 Ahmedabad 33°C

मध्य प्रदेश के राजगढ़ सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत, राष्ट्रपति और सीएम मोहन यादव ने जताया दुख

मध्य प्रदेश के राजगढ़ सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत, राष्ट्रपति और सीएम मोहन यादव ने जताया दुख

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पिपलोधीजाद में रविवार देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में चार बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हो गयी और 15 अन्य घायल हो गए. इस सड़क हादसे पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दुख जताया. राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, “मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में हुई सड़क दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही दुखदाई है, अपने स्वजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.”

एमपी सीएम मोहन यादव ने सड़क हादसे को बताया दुखद

मध्य प्रदेश सीएम मोहन यादव ने भी एक्स पर लिखा कि राजगढ़ जिले के पीपलोदी रोड पर ट्रैक्टर ट्राली पलटने से राजस्थान के झालावाड़ जिले के 13 लोगों की असमय मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. कैबिनेट में साथी श्री @bjpnspbiaora जी सहित कलेक्टर एवं एसपी राजगढ़ मौके पर उपस्थित है. हम राजस्थान सरकार के संपर्क में हैं और राजस्थान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है. घायलों का इलाज जिला अस्पताल, राजगढ़ में जारी है साथ ही गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को भोपाल रेफर किया गया है. बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें. शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है.

राजगढ़ के जिलाधिकारी हर्ष दीक्षित ने बताया कि घायलों में से 13 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं दो लोगों को सिर और छाती पर चोट लगने के कारण बेहतर उपचार के लिए भोपाल भेजा गया है.  उन्होंने कहा, ‘‘मृतक संख्या बढ़ने का अनुमान नहीं है क्योंकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों की हालत खतरे से बाहर है.” स्थानीय निवासियों ने बताया कि ये लोग राजस्थान से आई एक बारात में शामिल थे.

राजगढ़ हादसे में 13 लोगों की हुई मौत

जिन 13 लोगों की मौत हुई है, उनमें चार बच्चे, पांच पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं. घायलों में चार की स्थिति गंभीर है. लिहाजा उन्हें भोपाल रेफर कर दिया गया है. रिपोर्ट्स की मानें, तो सभी बराती ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर राजस्थान के झालावाड़ जिले के जावर थाने के मोतीपुरा गांव से राजगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र के कुलामपुरा गांव में आ रहे थे. इसी दौरान ट्ऱॉली अनियंत्रित होकर पलट गई.

ड्राइवर के नशे में होने का दावा 

कुछ लोगों का कहना है कि यह हादसा ड्राइवर के नशे की वजह से हुआ है. हादसे के बाद आसपास के इलाकों में चीख-पुकार मच गई और लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया. हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई. रिपोर्ट्स की मानें, तो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के लिए 7 से अधिक एंबुलेंस को घटना स्थल पर भेजा गया.

ट्रॉली में सवार नहीं था दूल्हा 

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो हादसे के वक्त दूल्हा ट्रॉली में सवार नहीं था. वह ट्रैक्टर पर था. लिहाजा उसके सिर में मामूली चोट लगी है. इस हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि ट्रॉली पलटने से 13 लोगों की असमय मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद पूर्ण है. राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार के साथ राजगढ़ के कलेक्टर और एसपी मौके पर मौजूद हैं. हम राजस्थान सरकार के संपर्क में हैं. राजस्थान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है. घायलों का बेहतर तरीके से उपचार किया जा रहा है.

 

Filed under Madhya Pradesh

Share this story

Latest News

Other States

News from every corner of India.