जम्मू-कश्मीर में शनिवार सुबह मौसम ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया। किश्तवाड़ जिले के चतरू (छतरू) इलाके में तड़के करीब 2:30 बजे बादल फटने की घटना से अचानक आई तेज बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। बाढ़ के तेज बहाव में कई वाहन बह गए, जबकि कई दुकानों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर चतरू-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है।
हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं तथा नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
कई वाहन बहे, संपत्ति को नुकसान
बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने चतरू क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। तेज बहाव में कई वाहन बह गए और कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी नुकसान पहुंचा। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण शुरू कर दिया है और राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने लिया हालात का जायजा
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा से बातचीत की। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, जबकि कुछ व्यावसायिक दुकानों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित लोगों को सरकार की ओर से उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
Just now spoke to DC Kishtwar Sh Pankaj Kumar Sharma, after receiving the reports of cloudburst in the Chhatroo area early this morning. No loss of life reported. Some commercial outlets/shops are damaged for which, due compensation will be provided.
To reassure the local…
— Dr Jitendra Singh (@DrJitendraSingh) August 1, 2026
किश्तवाड़ में लगाए गए हैं अर्ली वार्निंग सिस्टम
डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष चसोती में बादल फटने की घटना के बाद भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय द्वारा किश्तवाड़ और मछैल में दो अत्याधुनिक Early Warning System (EWS) स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा पाडर क्षेत्र में एक Automatic Weather Station (AWS) स्थापित करने की प्रक्रिया भी जारी है, जिससे भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं की समय रहते चेतावनी दी जा सके।
शोपियां में भारी बारिश से कई घरों में घुसा पानी
इधर दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के पहलपोरा इलाके में शनिवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई घरों में पानी भर गया। अचानक जलभराव होने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्रशासन प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने और नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।
क्या शोपियां में भी बादल फटा?
सोशल मीडिया पर शोपियां में जलभराव की वजह बादल फटना बताया जा रहा है, लेकिन प्रशासन ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक बादल फटने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल जलभराव के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। मौसम विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले अपडेट पर नजर बनाए रखें और आवश्यकता होने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देशों का पालन करें।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel