अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि रूस से तेल खरीदने की वजह से भारत पर ‘प्रतिबंध’ लगाए गए हैं। हालांकि, इसी के साथ ट्रंप ने यह भी दोहराया कि वे भारत और पीएम मोदी के बहुत करीबी हैं। ट्रंप अक्सर अपनी और मोदी की दोस्ती को लेकर बयान देते रहते हैं और इसी कड़ी में उनका यह नया बयान सामने आया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या रूस पर दबाव बढ़ाने के लिए उन देशों पर कार्रवाई होगी जो अभी भी रूसी तेल खरीद रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि अगर तेल की कीमतें नीचे चली जाएँ तो रूस युद्ध बंद करने को मजबूर हो जाएगा। उन्होंने इस दौरान यूरोपीय देशों और भारत का जिक्र करते हुए कहा कि वे जानते हैं कि भारत रूस से तेल खरीद रहा है। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं और बदले में उन्हें बहुत सुंदर जवाब मिला, लेकिन इसके बावजूद उन्हें भारत पर ‘प्रतिबंध’ लगाना पड़ा।

ट्रंप ने आगे कहा कि रूस से तेल खरीदने के कारण यूरोपीय देशों और चीन पर भी बैन लगाना पड़ा। उन्होंने चीन पर आरोप लगाया कि वह इस समय अमेरिका पर भारी टैरिफ लगा रहा है। ट्रंप ने संकेत दिया कि वे और भी कदम उठाने को तैयार हैं, लेकिन तब नहीं जब उनके सहयोगी देश रूस से तेल खरीदते रहें। उनका तर्क था कि अगर वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें कम हो जाएँगी तो रूस समझौता करने पर मजबूर होगा। गौरतलब है कि जुलाई में ट्रंप प्रशासन ने रूस से तेल खरीदने पर भारत पर 50% ‘पेनल्टी टैरिफ’ लगाने की घोषणा की थी, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी।
हालाँकि, हाल ही में भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर बातचीत हुई और दोनों पक्षों ने इसे सकारात्मक बताया। भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया कि दोनों देश जल्द से जल्द व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश कर रहे हैं।
इससे पहले भी ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया था कि उन्होंने पीएम मोदी को फोन कर जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं और रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के प्रयासों में भारत के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी बेहतरीन काम कर रहे हैं और वह भारत-अमेरिका साझेदारी को नई ऊँचाइयों तक ले जाना चाहते हैं। इसके जवाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्रंप को धन्यवाद दिया और कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए भारत पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत रूस-यूक्रेन युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों का समर्थन करता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel