उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में सोशल मीडिया के जरिए हुए एक गंभीर धोखाधड़ी के मामले ने हड़कंप मचा दिया है। मंडावर थाना क्षेत्र के खुडाहेड़ी गांव के रहने वाले फैजान मलिक को पुलिस ने तब गिरफ्तार किया, जब एक युवती ने उसके खिलाफ फर्जी पहचान बनाकर दोस्ती करने, शादी का झांसा देने, ब्लैकमेल करने और जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए। जानकारी के मुताबिक, फैजान ने इंस्टाग्राम पर ‘सौरभ पाल’ के नाम से एक फर्जी आईडी बनाई और हरिद्वार की एक निजी कंपनी में काम करने वाली युवती से संपर्क किया। खुद को उसी जाति और समुदाय से बताकर उसने युवती से नजदीकियां बढ़ाईं और आरोप है कि शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध भी बनाए।
पूरा मामला तब खुला, जब एक दिन उसका आधार कार्ड नीचे गिर गया, जिसमें उसका असली नाम फैजान मलिक दर्ज था। युवती ने पूछताछ की तो उसने पहले आधार में गलती बताई, लेकिन विरोधाभास भरी बातों और परिचितों से मिली जानकारी के बाद उसकी वास्तविक पहचान सामने आ गई। शिकायत के अनुसार, युवती ने दूरी बनानी शुरू की तो फैजान नाराज़ हो गया और कथित रूप से युवती के निजी फोटो का दुरुपयोग करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। आरोप यह भी है कि उसने युवती पर धर्म बदलकर शादी करने और संबंध बनाए रखने का दबाव बनाया।
मानसिक रूप से परेशान युवती अपने परिवार के पास लौटी और पूरी घटना बताई। परिवार उसे लेकर स्योहारा थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने फैजान के खिलाफ फर्जी पहचान, धोखाधड़ी, धमकी और ब्लैकमेल से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच चल रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel