उत्तर प्रदेश से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महोबा जिले में एक रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी और उनकी मानसिक रूप से कमजोर बेटी को उनके ही घर में पांच साल तक कैद कर यातनाएं दी गईं। इस अमानवीय व्यवहार के चलते पिता की भूख से तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जबकि 27 वर्षीय बेटी जिंदा लाश बनकर केवल हड्डियों का ढांचा रह गई।
मृतक की पहचान 70 वर्षीय ओम प्रकाश सिंह राठौर के रूप में हुई है। बताया गया है कि ओम प्रकाश ने अपनी और बेटी रश्मि की देखभाल के लिए जिन लोगों को नौकरी पर रखा था, वही बाद में उनके जानी दुश्मन बन गए। देखभाल के नाम पर नियुक्त किए गए राम प्रकाश कुशवाहा और उसकी पत्नी राम देवी ने धीरे-धीरे पूरे घर पर कब्जा कर लिया।

ओम प्रकाश के भाई अमर सिंह राठौर के अनुसार, उनके भाई वर्ष 2015 में रेलवे से सेवानिवृत्त हुए थे। 2016 में उनकी पत्नी के निधन के बाद ओम प्रकाश अपनी बेटी रश्मि के साथ अलग घर में रहने लगे। खाना बनाना न आने के कारण उन्होंने कुशवाहा दंपति को काम पर रखा था, लेकिन कुछ समय बाद ही दोनों ने पिता-बेटी को ग्राउंड फ्लोर पर एक कमरे में कैद कर दिया और खुद ऊपर की मंजिल में आराम से रहने लगे।
आरोप है कि ओम प्रकाश और उनकी बेटी को न समय पर भोजन दिया गया और न ही किसी प्रकार की देखभाल की गई। परिवार के लोग जब उनसे मिलने आते थे तो कुशवाहा दंपति यह कहकर टाल देता था कि वे किसी से मिलना नहीं चाहते। इसी बहाने रिश्तेदारों को वापस भेज दिया जाता रहा।
अमर सिंह के मुताबिक, सोमवार को उन्हें भाई की मौत की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तो जो मंजर देखा, वह रूह कंपा देने वाला था। ओम प्रकाश का शरीर पूरी तरह सूख चुका था, जबकि रश्मि एक अंधेरे कमरे में बिना कपड़ों के कंकाल की तरह पड़ी हुई थी, लेकिन वह अभी जीवित थी।
परिवार के एक अन्य सदस्य ने बताया कि भूख और यातनाओं की वजह से जवान लड़की 80 साल की बुजुर्ग जैसी दिखाई देने लगी थी। उसके शरीर पर मांस का नामोनिशान नहीं था और वह सिर्फ हड्डियों का ढांचा बनकर सांस ले रही थी।
परिजनों का आरोप है कि कुशवाहा दंपति की मंशा ओम प्रकाश की संपत्ति और बैंक बैलेंस हड़पने की थी। इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में गहरा आक्रोश है और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel