बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की चेयरपर्सन बेगम खालिदा जिया का मंगलवार को 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से बांग्लादेश की राजनीति में शोक की लहर फैल गई है। खालिदा जिया का अंतिम संस्कार बुधवार को ढाका में किया जाएगा।
भारत सरकार की ओर से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर बेगम खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। इसके लिए वह बुधवार को ढाका जाएंगे और भारत सरकार का आधिकारिक प्रतिनिधित्व करेंगे। ढाका में ही खालिदा जिया को अंतिम विदाई दी जाएगी।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेगम खालिदा जिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री और BNP अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया के निधन की खबर से उन्हें गहरा दुख हुआ है। पीएम मोदी ने उनके परिवार और बांग्लादेश की जनता के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
Deeply saddened to learn about the passing away of former Prime Minister and BNP Chairperson Begum Khaleda Zia in Dhaka.
Our sincerest condolences to her family and all the people of Bangladesh. May the Almighty grant her family the fortitude to bear this tragic loss.
As the… pic.twitter.com/BLg6K52vak
— Narendra Modi (@narendramodi) December 30, 2025
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में खालिदा जिया ने न सिर्फ देश के विकास में अहम भूमिका निभाई, बल्कि भारत-बांग्लादेश संबंधों को आगे बढ़ाने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने 2015 में ढाका में खालिदा जिया से हुई अपनी सौहार्दपूर्ण मुलाकात को भी याद किया और कहा कि उनकी विचारधारा और विरासत भविष्य में दोनों देशों के संबंधों को दिशा देती रहेगी।
बेगम खालिदा जिया का निधन आज सुबह ढाका के एवरकेयर अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ। उन्हें 23 नवंबर को फेफड़ों में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह लंबे समय से हृदय रोग, मधुमेह, गठिया, लिवर सिरोसिस और किडनी संबंधी बीमारियों से पीड़ित थीं।
इस महीने की शुरुआत में उन्हें उन्नत उपचार के लिए लंदन भेजा गया था, लेकिन बाद में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ढाका के एवरकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके निधन की खबर फैलते ही अस्पताल के बाहर भारी संख्या में लोग जमा हो गए।
बेगम खालिदा जिया के बेटे और BNP के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान भी अपनी दिवंगत मां को श्रद्धांजलि देने अस्पताल पहुंचे। खालिदा जिया के निधन को बांग्लादेश की राजनीति के एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel