गुजरात के कच्छ जिले के नखत्राणा स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल नखत्राणा में एक शिक्षिका पर छात्र से हनुमान चालीसा की पुस्तिका छीनकर फेंकने के आरोप के बाद विवाद खड़ा हो गया है। घटना बुधवार (11 फरवरी 2026) की बताई जा रही है।
मामले के सामने आने के बाद अभिभावकों और हिंदू संगठनों में नाराजगी बढ़ गई। विरोध के बाद स्कूल प्रशासन ने संबंधित शिक्षिका को पद से हटा दिया है, लेकिन अब इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग भी उठ रही है।
CCTV में कैद हुई घटना
जानकारी के अनुसार, छठी कक्षा का एक छात्र कक्षा में हनुमान चालीसा की छोटी पुस्तिका लेकर बैठा था। इसी दौरान शिक्षिका कक्षा में पहुंचीं और छात्र से वह पुस्तिका छीनकर नीचे फेंक दी। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना स्कूल के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
विश्व हिंदू परिषद का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में छात्रों से पूछताछ के दौरान कुछ बच्चों ने दावा किया कि शिक्षिका ने छात्र को डांटा और हिंदू धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की।
हालांकि स्कूल प्रशासन ने धार्मिक टिप्पणी के आरोपों से इनकार किया है।
छात्र को दबाव में वीडियो बनवाने का आरोप
कुछ संगठनों ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में छात्र को प्रताड़ित किया गया और उससे घटना से इनकार करते हुए वीडियो बनवाया गया। इस आरोप की भी जांच की मांग की जा रही है।
विरोध प्रदर्शन और कार्रवाई की मांग
घटना सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और शिक्षा अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
संगठनों का कहना है कि स्कूल प्रशासन पहले भी कुछ मामलों को दबाने की कोशिश करता रहा है। उनका कहना है कि केवल शिक्षिका को हटाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मामले में कानूनी कार्रवाई भी होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ दोबारा न हों और छात्रों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित हो सके।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel