उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा विजयनगर थाना क्षेत्र में स्थित आईपीईएम कॉलेज एग्जिट प्वाइंट के पास सुबह करीब 6:10 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से मेरठ जाने वाली मुख्य लेन पर एक थार गाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान कार से उतरकर दो युवक एक बाइक सवार से बात कर रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक टेंपो ट्रैवलर बस ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपक और प्रवीण के रूप में हुई है, जबकि तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि जिस टेंपो ट्रैवलर ने यह हादसा किया, वह दिल्ली से हरिद्वार जा रहा था और उसमें करीब 26 महिलाएं सवार थीं। पुलिस ने ट्रैवलर चालक वीरेंद्र को हिरासत में ले लिया है।
तेज रफ्तार और लापरवाही पर शक
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि यह भी जांच की जा रही है कि क्या सड़क पर खड़े वाहनों की स्थिति ने भी हादसे में भूमिका निभाई।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर इससे पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। पिछले साल जुलाई में एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई थी, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई थी। पुलिस जांच में उस समय तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया गया था।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel