सूरत में लोकल बॉडी चुनाव से पहले एक बड़े हवाला स्कैंडल का खुलासा हुआ है, जिससे गुजरात की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जांच में सामने आया है कि पिछले 5-6 महीनों में दिल्ली से सूरत तक करीब ₹1.25 करोड़ की रकम अंगड़िया नेटवर्क के जरिए भेजी गई।
क्राइम ब्रांच और उमरा पुलिस स्टेशन की जांच में पिपलोद निवासी आकाश मिश्रा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
कैसे चल रहा था हवाला नेटवर्क?
जांच के मुताबिक, जनकपुरी निवासी हिमांशु पाहुजा अंगड़िया के जरिए पैसे भेजता था, जबकि आकाश मिश्रा और अजय तिवारी सूरत में इस रकम को प्राप्त करते थे।
पुलिस को शक है कि इस पैसे का इस्तेमाल लोकल बॉडी चुनाव में उम्मीदवारों के प्रचार और वोटरों को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा था। इस पूरे नेटवर्क में 8-10 लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
राजनीतिक कनेक्शन सामने आए
जांच में यह भी सामने आया है कि हिमांशु पाहुजा पहले कांग्रेस से जुड़े थे और वर्तमान में आम आदमी पार्टी (AAP) में सक्रिय हैं। उन्हें पार्टी नेता सुरेंद्र भारद्वाज का करीबी बताया जा रहा है।
साथ ही उनकी कुछ तस्वीरें अरविंद केजरीवाल और गोपाल इटालिया के साथ वायरल होने की भी चर्चा है।
इनकम टैक्स विभाग की एंट्री
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग भी जांच में शामिल हो गया है। करोड़ों के लेन-देन की जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि पैसा कहां से आया और किन गतिविधियों में इस्तेमाल हुआ।
CCTV फुटेज से मिले सुराग
आकाश मिश्रा और अजय तिवारी का अंगड़िया फर्म से पैसे लेते हुए CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस बढ़ा दिया है और अंगड़िया फर्मों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह हवाला नेटवर्क सूरत के अलावा अन्य शहरों में भी सक्रिय था या नहीं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel