देश में सक्रिय आतंकी मॉड्यूल पर सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली ब्लास्ट के बाद शिकंजा और सख़्त कर दिया है। लगातार की जा रही कार्रवाई के तहत जम्मू-कश्मीर में आतंकी नेटवर्क पर बड़ी दबिश दी गई है, जहाँ तीन दिनों में 500 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की गई है। इन ठिकानों में जमात-ए-इस्लामी (JeI) सहित कई प्रतिबंधित संगठनों के ठिकाने शामिल हैं। इसी अभियान के दौरान एजेंसियों ने दिल्ली ब्लास्ट के मुख्य आरोपी आतंकी उमर नबी के पुलवामा स्थित घर को भी IED से उड़ा दिया, ताकि उसके छिपे नेटवर्क, साजोसामान और संभावित सहयोगियों के सभी सुराग समाप्त किए जा सकें।
पुलिस के अनुसार, श्रीनगर, गांदरबल, बडगाम, बारामूला, बांदीपोरा, कुपवाड़ा, अनंतनाग, कुलगाम, पुलवामा और शोपियाँ—इन 10 जिलों में बड़े स्तर पर छापेमारी की गई। इस दौरान 600 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। इन्हीं पूछताछ के आधार पर देशभर में आतंकवादियों की धरपकड़ तेजी से आगे बढ़ रही है। कई बड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश भी इन्हीं इनपुट्स की मदद से हुआ है।
खुफिया एजेंसियों को पूछताछ के दौरान बड़े खुलासे भी मिले हैं। एजेंसियों के मुताबिक 8 आतंकियों ने कबूल किया है कि वे 6 दिसंबर 2025—बाबरी मस्जिद ढहाने की बरसी के दिन—दिल्ली सहित देश के कई इलाकों में बड़े धमाकों की साजिश रच रहे थे। इसके लिए 32 गाड़ियों में IED लगाने की तैयारी थी, जिनमें से अभी तक 4 गाड़ियाँ बरामद की जा चुकी हैं, जबकि बाकी की तलाश जारी है।
ज्ञात हो कि दिल्ली के लाल किला के पास 10 नवंबर 2025 को बड़ा आतंकी धमाका हुआ था, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस धमाके में आतंकी उमर नबी का नाम सामने आया था, क्योंकि धमाका उसकी कार से हुआ था। जांच आगे बढ़ने पर एजेंसियों ने लश्कर-ए-तैयबा की आतंकी डॉ. शाहीना समेत फरीदाबाद, सहारनपुर और लखनऊ जैसे कई शहरों से कई आतंकियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आतंकवादी ‘व्हाइट कॉलर जिहाद’ में शामिल बताए जा रहे हैं और देश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टर के पदों पर कार्यरत थे, जहाँ से वे आतंकी संगठनों को सुविधाएँ, नेटवर्क और आर्थिक मदद उपलब्ध कराते थे।
यह पूरी कार्रवाई देश के भीतर सक्रिय आतंकी स्लीपर सेल और व्हाइट कॉलर जिहादी नेटवर्क के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और तेज़ कार्रवाई मानी जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel