संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान सोमवार को कुछ घंटों के संक्षिप्त दौरे पर भारत पहुंचने वाले हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा महज डेढ़ घंटे का होगा, जिसमें उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अहम मुलाकात तय है। इतने कम समय के लिए किसी राष्ट्राध्यक्ष का दौरा होना अपने आप में चौंकाने वाला माना जा रहा है।
विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान सोमवार 19 जनवरी को शाम 4:20 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद 4:45 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बैठक होगी। बातचीत पूरी होने के बाद वह शाम 6:05 बजे भारत से रवाना हो जाएंगे। मंत्रालय ने बताया कि यह दौरा प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर हो रहा है।
संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान आज दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के लिए भारत आएंगे, और लगभग 2 घंटे के भीतर ही प्रस्थान कर जाएंगे।
🕰️ कार्यक्रम:
• 16:20: दिल्ली में आगमन
• 16:45: पीएम मोदी के साथ बातचीत
• 18:05: प्रस्थान… pic.twitter.com/7auQ6t3t38
— One India News (@oneindianewscom) January 19, 2026
हालांकि दौरा बेहद छोटा है, लेकिन इसे भारत–यूएई संबंधों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। शेख मोहम्मद का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब वैश्विक राजनीति में भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। अमेरिका, चीन और रूस के बीच तनाव, ईरान में बिगड़ते हालात, वेनेजुएला और ग्रीनलैंड से जुड़े विवाद, और यूएई व सऊदी अरब के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच यह मुलाकात खास मानी जा रही है।
शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान बतौर राष्ट्रपति तीसरी बार भारत दौरे पर आ रहे हैं, जबकि बीते 10 वर्षों में यह उनकी पांचवीं भारत यात्रा है। यह लगातार बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों को दर्शाता है। बीते कुछ वर्षों में भारत और यूएई के रिश्तों में उल्लेखनीय मजबूती आई है, खासकर व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग के क्षेत्रों में।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में भारत और यूएई के बीच द्विपक्षीय व्यापार 100.06 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 19.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाता है। इस उपलब्धि के साथ यूएई भारत के सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदारों में शामिल हो गया है।
भारत और यूएई के बीच संबंध केवल व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ऊर्जा, रक्षा, निवेश और सांस्कृतिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में भी दोनों देश लगातार आगे बढ़ रहे हैं। इसी मजबूत रिश्ते का प्रतीक है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वर्ष 2019 में यूएई के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ जायद’ से नवाजा गया था।
कुल मिलाकर, भले ही शेख मोहम्मद बिन जायद का यह दौरा समय के लिहाज से बेहद छोटा हो, लेकिन इसके राजनयिक, रणनीतिक और आर्थिक मायने काफी बड़े माने जा रहे हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel