उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बड़ा मोड़ सामने आया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता के बढ़ते आक्रोश और अंकिता के माता-पिता की मांग को स्वीकार करते हुए मामले की CBI जांच की संस्तुति दे दी है। खास तौर पर कथित “VVIP” की भूमिका को लेकर उठ रहे सवालों के बीच यह निर्णय बेहद अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि हाल ही में उनकी मुलाकात अंकिता के माता-पिता से हुई थी। इस दौरान उन्होंने भावुक होकर बेटी को पूर्ण न्याय दिलाने के लिए मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने का अनुरोध किया। माता-पिता की भावनाओं का सम्मान करते हुए सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया।
बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अंकिता के माता-पिता ने भेंट के दौरान CBI जांच की मांग रखी थी जिसका सम्मान करते हुए हमारी सरकार ने इस मामले की जांच CBI से कराने का निर्णय लिया है।
मातृशक्ति की सुरक्षा एवं उनके सम्मान के लिए हमारी सरकार सदैव… pic.twitter.com/bl2KkYJPHu
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) January 9, 2026
CM धामी ने कहा, “अंकिता केवल एक पीड़िता नहीं थी, वह हमारी भी बहन और बेटी थी। उनके माता-पिता की भावनाओं का सम्मान करते हुए हमने इस मामले को CBI को सौंपने का निर्णय लिया है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार शुरू से ही इस मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई के पक्ष में रही है।
मुख्यमंत्री ने अब तक की गई सरकारी कार्रवाई का भी जिक्र किया। घटना के तुरंत बाद महिला IPS अधिकारी के नेतृत्व में SIT गठित की गई थी और सभी आरोपियों को बिना देरी गिरफ्तार किया गया। सरकार की मजबूत पैरवी के चलते ट्रायल के दौरान किसी भी आरोपी को जमानत नहीं मिली। निचली अदालत ने सुनवाई पूरी होने के बाद सभी दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो क्लिप्स और कथित VVIP की संलिप्तता को लेकर दावे सामने आए थे, जिसके बाद प्रदेश में विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि इन वायरल ऑडियो क्लिप्स के संबंध में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं और उनकी जांच जारी है।
सरकार ने दो टूक कहा है कि मामले से जुड़ा कोई भी तथ्य या साक्ष्य दबाया नहीं जाएगा और CBI जांच के जरिए हर पहलू की गहन पड़ताल सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अंकिता को पूरी तरह न्याय मिल सके।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel