Bangladesh के Cox’s Bazar इलाके में एक हिंदू पुजारी की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। 35 वर्षीय नयन दास नाग पंचमी मंदिर में पुजारी थे और पिछले तीन दिनों से लापता थे।
रिपोर्ट के अनुसार, नयन दास रविवार (19 अप्रैल) की रात से गायब थे। परिजनों का कहना है कि कुछ अज्ञात लोग उन्हें घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे। लगातार तलाश के बाद सोमवार (20 अप्रैल) को पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
बुधवार (22 अप्रैल 2026) को स्थानीय लोगों ने मंदिर के पीछे एक दूरदराज पहाड़ी इलाके में उनका शव पेड़ से लटका हुआ देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पुजारी के गले में एक स्कार्फ लिपटा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह मामला हत्या का है या आत्महत्या।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वे अज्ञात लोग कौन थे, जो पुजारी को रात में घर से बुलाकर ले गए थे। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel