अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी 2026 को दोपहर 3:45 बजे सानंद, गुजरात में माइक्रोन सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्ट और पैकेजिंग (ATMP) सुविधा का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, यह उद्घाटन भारत में सेमीकंडक्टर विनिर्माण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
सानंद ATMP सुविधा से भारत में निर्मित पहले सेमीकंडक्टर मेमोरी मॉड्यूल का वाणिज्यिक उत्पादन और शिपमेंट शुरू हो गया है। यह परियोजना वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में भारत की स्थिति को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।
इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास सितंबर 2023 में हुआ था और यह मेक इन इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत मंजूर किया गया पहला प्रोजेक्ट है। माइक्रोन ATMP प्रोजेक्ट पर लगभग 22,500 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
PMO के अनुसार, साणंद संयंत्र 5 लाख वर्ग फुट क्लीनरूम क्षेत्र से सुसज्जित होगा, जो इसे दुनिया के सबसे बड़े रेज़्ड-फ्लोर क्लीनरूम में से एक बनाएगा। संयंत्र को विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और उच्च प्रदर्शन कंप्यूटिंग (HPC) में बढ़ती वैश्विक मांग को पूरा करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
सानंद ATMP सुविधा माइक्रोन के वैश्विक नेटवर्क से डीआरएएम और नैंड सेमीकंडक्टर वेफर्स को तैयार मेमोरी और स्टोरेज उत्पादों में बदलकर वैश्विक बाजारों में ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करेगी। यह कदम भारत को सेमीकंडक्टर विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel