राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में जफर रियाज उर्फ रिजवी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कोलकाता का रहने वाला है और उस पर भारतीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचाने का आरोप है।
NIA के अनुसार, जफर रियाज के खिलाफ पहले से लुक आउट सर्कुलर जारी था और उसे भगोड़ा अपराधी घोषित करने की प्रक्रिया भी चल रही थी। इसी बीच एजेंसी ने उसे मंगलवार (20 मई 2026) देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पाकिस्तान से कैसे जुड़े तार?
जांच में सामने आया है कि जफर रियाज ने एक पाकिस्तानी महिला से निकाह किया था और उसके बच्चे भी पाकिस्तान में रहते हैं। वह साल 2005 से लगातार भारत और पाकिस्तान के बीच यात्रा करता रहा, इसी दौरान पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों ने उसे अपने संपर्क में लिया।
NIA के मुताबिक, आरोपी को जासूसी की ट्रेनिंग दी गई और पैसों का लालच दिया गया। इसके साथ ही उसे पाकिस्तान की नागरिकता दिलाने का भी वादा किया गया था। बदले में वह भारत की गोपनीय और संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान भेज रहा था।
पहले भी हो चुका है दोषी
जफर रियाज पहले भी जासूसी के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका है। उस समय उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद वह पाकिस्तानी एजेंसियों के संपर्क में बना रहा।
बड़े नेटवर्क की जांच जारी
NIA अब इस पूरे जासूसी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और भारत के खिलाफ साजिश कितनी बड़ी थी। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel