पाकिस्तान ने ईद के अवसर पर अफगानिस्तान के खिलाफ पांच दिन के लिए सीजफायर का ऐलान किया है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने बुधवार (18 मार्च 2026) की रात से लेकर सोमवार (23 मार्च 2026) तक किसी भी हमले को रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने इसे “इस्लामिक रिवायतों” और सद्भावना के तौर पर उठाया गया कदम बताया।
सूत्रों के अनुसार, यह फैसला सऊदी अरब, कतर और तुर्की के आग्रह पर लिया गया। तरार ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “पाकिस्तान यह कदम सद्भावना और इस्लामी उसूलों के अनुसार उठा रहा है।”
हालांकि, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर हाल ही में ‘ऑपरेशन गजब-लिल-हक’ के तहत कई हमले किए थे, जिसमें अस्पताल और नागरिकों को निशाना बनाया गया और कई मासूमों की मौत हुई थी।
पाकिस्तान के सीजफायर की घोषणा के तुरंत बाद अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने भी इसे स्वीकार करते हुए जवाबी सीजफायर का ऐलान किया। तालिबान ने चेतावनी दी कि वे भाईचारे को निभाने को तैयार हैं, लेकिन अगर पाकिस्तान ने दोबारा हमले किए, तो अफगान फौज साहसपूर्वक जवाब देगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह पांच दिन का सीजफायर दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने की दिशा में एक अस्थायी कदम है, लेकिन क्षेत्रीय सुरक्षा की स्थिति अब भी संवेदनशील बनी हुई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel