दिग्विजय सिंह के गृहनगर राघौगढ़ में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर सतह पर आ गई। गुना से विधायक और दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह को जिला कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नाराज कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का पुतला दहन कर दिया। यह विरोध कहीं और नहीं बल्कि स्वयं दिग्विजय सिंह के गढ़ राघौगढ़ और आरोन में हुआ।

दरअसल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने हाल ही में मध्य प्रदेश कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की सूची जारी की। इसमें तीसरी बार के विधायक जयवर्धन सिंह को गुना जिला कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पार्टी हाईकमान ने जिले की कमान उनके हाथों में सौंप दी।
घोषणा के बाद जयवर्धन के समर्थक सड़क पर उतर आए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी का पुतला फूंक दिया। समर्थकों का आरोप है कि जयवर्धन सिंह प्रदेश स्तर के नेता हैं, मंत्री रह चुके हैं और अन्य राज्यों के प्रभारी भी रहे हैं। ऐसे में उन्हें केवल एक जिले की कमान सौंपना उनके राजनीतिक कद को दबाने की कोशिश है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जयवर्धन को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए था, न कि सिर्फ जिलाध्यक्ष।
राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो बिखरी हुई कांग्रेस को ऊर्जा देने के लिए गुना में जयवर्धन सिंह को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। चूंकि यहां से ज्योतिरादित्य सिंधिया सांसद हैं, इसलिए अब जयवर्धन सिंह का सीधा मुकाबला सिंधिया से होगा। इससे न केवल उनकी राजनीतिक कुशलता निखरेगी बल्कि बीजेपी के खिलाफ रणनीति बनाने और आंदोलनों को स्वरूप देने में भी मदद मिलेगी। आगामी 2028 विधानसभा चुनावों के मद्देनजर यह निर्णय पार्टी के लिए लाभकारी माना जा रहा है।
गुना जिले की चार विधानसभा सीटों में फिलहाल दो पर बीजेपी और दो पर कांग्रेस का कब्जा है। माना जा रहा है कि जिलाध्यक्ष बनने के बाद जयवर्धन सिंह संगठन को मजबूत करने के लिए सीधे कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे, जिससे पार्टी को फायदा होगा।
जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद जयवर्धन सिंह ने ‘X’ पर लिखा— “मध्य प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हम सब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी और नेता राहुल गांधी जी की मंशा के अनुसार ‘संगठन सृजन’ अभियान के तहत संगठन को नई ताकत और ऊर्जा देंगे।”
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी ‘X’ पर सभी नए जिलाध्यक्षों को बधाई दी। उन्होंने लिखा— “संगठन सृजन अभियान अब जिम्मेदारियों तक पहुंचा है। आगे की यात्रा निर्णायक है। हमें जनहित में जुटना है, राजनीतिक अत्याचार का विरोध करना है और हर वर्ग की चिंता करनी है। हमारे साझा प्रयास कांग्रेस को नई मजबूती देंगे और 2028 में पार्टी सत्ता में लौटेगी।”