प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 25 जुलाई को दो दिवसीय यात्रा पर मालदीव पहुंचे, जहां उनका राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भव्य स्वागत किया। पीएम मोदी मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए माले पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर जैसे ही पीएम मोदी का विमान उतरा, उन्होंने आगे बढ़कर राष्ट्रपति मुइज्जू को गर्मजोशी से गले लगाया, जिससे यह संकेत मिला कि दोनों देश हाल के तनावपूर्ण रिश्तों को पीछे छोड़कर सहयोग के एक नए दौर की शुरुआत करना चाहते हैं।
बच्चों ने पारंपरिक नृत्य से प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
यह मुइज्जू के राष्ट्रपति बनने के बाद किसी भी राष्ट्राध्यक्ष की पहली मालदीव यात्रा है और प्रधानमंत्री मोदी की मालदीव की तीसरी यात्रा है, इससे पहले वे 2018 और 2019 में भी यहां आ चुके हैं। मालदीव रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि यह वर्ष भारत-मालदीव के राजनयिक संबंधों की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ भी है। उन्होंने यह भी कहा कि वह मुइज्जू और अन्य नेताओं के साथ समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय शांति को लेकर साझेदारी मजबूत करने को लेकर उत्साहित हैं। इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री कई भारत-सहायता प्राप्त विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने के लिए राष्ट्रपति मुइज्जू के साथ व्यापक बातचीत करेंगे। यह दौरा भारत और मालदीव के बीच विश्वास बहाली और रणनीतिक सहयोग को पुनर्स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।