Skip to content
Wednesday, October 28, 2026

PM मोदी अपने ‘हनुमान’ से मिले, X पर लिखा- मुझे खुशी है चिराग पिता के सपने को पूरा कर रहे हैं

PM मोदी अपने ‘हनुमान’ से मिले, X पर लिखा- मुझे खुशी है चिराग पिता के सपने को पूरा कर रहे हैं

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को NDA के प्रमुख घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसदों से मुलाकात की। इस मौके पर पीएम ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने खुद को योग्य साबित किया है और वह अपने पिता के सपनों को पूरा कर रहे हैं। बता दें कि चिराग पासवान LJP (रामविलास) के अध्यक्ष हैं और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के बेटे हैं। समाजवादी नेता रामविलास पासवान ने LJP का गठन किया था और उनके निधन के बाद पार्टी 2 धड़ों में विभाजित हो गई थी।

LJP ने 5 सीटों पर लड़ा था चुनाव

लोक जनशक्ति पार्टी के एक धड़े का नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री व रामविलास पासवान के भाई पशुपति कुमार पारस कर रहे हैं, जबकि दूसरे धड़े का नेतृत्व चिराग पासवान के हाथों में है। दोनों ही धड़े NDA के सदस्य हैं। लोकसभा चुनाव के लिये सीट के बंटवारे को लेकर हुए समझौते के तहत BJP ने LJP (रामविलास) को 5 सीटें दी थीं, जबकि पशुपति पारस नीत पार्टी को एक भी सीट नहीं दिया था। बीजेपी पर अपनी पार्टी को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए पारस ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।

‘हमारी पार्टियां मजबूती से एक साथ हैं’

PM ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए ‘X’ पर लिखा, ‘रामविलास पासवान जी मेरे बहुत प्रिय मित्र थे, जिनकी बहुमूल्य अंतर्दृष्टि मुझे बहुत याद आती है। मुझे खुशी है कि चिराग पासवान ने खुद को योग्य साबित किया है और रामविलास जी के सपनों को पूरा कर रहे हैं। हमारी पार्टियां सार्वजनिक सेवा के लिए मजबूती से एक साथ हैं।’ संसद का सत्र शुरु होने के बाद PM मोदी लगातार गठबंधन के सहयोगी दलों के सांसदों से मुलाकात कर रहे हैं। इससे पहले, गुरुवार को JDU के सांसदों से मोदी की मुलाकात हुई थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना की थी।

TDP सांसदों से भी मिले थे PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को तेलुगू देशम पार्टी (TDP) के सांसदों से भी मुलाकात की थी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सराहना की थी। लोकसभा में TDP के 16 सांसद हैं और वह बीजेपी की सबसे बड़ी सहयोगी है। लोकसभा में 12 सांसदों के साथ JDSU बीजेपी की दूसरी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी है, जबकि LJP (रामविलास) के 5 सांसद हैं। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में LJP (रामविलास) का एक, जबकि TDP और JDU के 2-2 सदस्य हैं।

Filed under Top News

Share this story

Latest News

Explore States

News from every corner of India.