कर्नाटक के गडग जिले से धर्म परिवर्तन से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके परिवार पर जबरन इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। बेतागेरी क्षेत्र के गांधी नगर बस्ती निवासी विशाल कुमार गोकवी ने अपनी पत्नी तहसीन होसामानी और उसके परिजनों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। विशाल का कहना है कि यदि उसने इस्लाम कबूल नहीं किया तो उसे बलात्कार के झूठे मामले में फँसाने की धमकी दी गई।
विशाल और तहसीन के बीच तीन साल तक प्रेम संबंध रहे, जिसके बाद दोनों ने 24 नवंबर 2024 को विवाह पंजीकरण कराया। इसके बाद 25 अप्रैल 2025 को मुस्लिम रीति-रिवाजों से निकाह भी हुआ। लेकिन विशाल का दावा है कि निकाह के बाद से ही उस पर इस्लाम धर्म अपनाने, नमाज पढ़ने और जमात में शामिल होने का लगातार दबाव डाला जाने लगा। आरोप यह भी है कि उसकी जानकारी के बिना उसका नाम भी बदल दिया गया।
विशाल का कहना है कि उसकी पत्नी तहसीन, उसकी मां बेगम बानो और एक व्यक्ति शमसुद्दीन ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और धमकी दी कि यदि उसने ऐसा नहीं किया तो उस पर रेप का केस करवा कर जेल भिजवा देंगे। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मुस्लिम शादी की रस्में दिखाई दे रही हैं। यह मामला तब और तूल पकड़ गया जब विशाल ने हिंदू रीति से पुनः विवाह की योजना बनाई, लेकिन तहसीन ने मुस्लिम नेताओं के दबाव में आकर इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया।
इस पूरे मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध जताया है और तहसीन व उसके परिवार पर सख्त कार्रवाई की माँग की है। साथ ही स्थानीय पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपी पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की गई है। मामला संवेदनशील होने के कारण प्रशासन भी सतर्कता बरत रहा है।