स्टॉक मार्केट हॉलिडे 2025:
आज 27 अगस्त 2025, गणेश चतुर्थी का पावन पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। ऐसे में निवेशकों और ट्रेडर्स के मन में यह सवाल था कि क्या आज शेयर बाजार खुला रहेगा या बंद। हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप द्वारा इंडिया पर टैरिफ लगाए जाने के चलते बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली थी, जिससे निवेशक हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
आज बाजार में ट्रेडिंग होगी या नहीं?
स्टॉक मार्केट हॉलिडे लिस्ट 2025 के अनुसार, आज यानी बुधवार 27 अगस्त को बीएसई (BSE) और एनएसई (NSE) दोनों बंद रहेंगे। यानी इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव और सिक्योरिटी लेंडिंग एंड बॉरोइंग (SLB) सेगमेंट में कोई कारोबार नहीं होगा। इसके अलावा करेंसी डेरिवेटिव, NDS-RST और ट्राई पार्टी रेपो सेगमेंट भी आज बंद रहेंगे।
कमोडिटी मार्केट का हाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज सुबह का सेशन यानी 9:00 बजे से 5:00 बजे तक का कारोबार बंद रहेगा। हालांकि, शाम का सेशन 5:00 बजे से शुरू होगा और रात 11:55 बजे तक चलेगा। वहीं, चुनिंदा एग्री कमोडिटीज में ट्रेडिंग रात 9:00 बजे तक की जाएगी।
अगली छुट्टियाँ कब हैं?
इस महीने बाजार दूसरी बार बंद रहा है। पहला अवकाश 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर था और दूसरा आज गणेश चतुर्थी पर। इसके बाद साल 2025 में और पाँच दिन बाजार बंद रहेगा—
- 2 अक्टूबर: महात्मा गांधी जयंती और दशहरा
- 21 अक्टूबर: दिवाली (लक्ष्मी पूजन)
- 22 अक्टूबर: दिवाली (बलिप्रतिप्रदा)
- 5 नवंबर: गुरु नानक जयंती
- 25 दिसंबर: क्रिसमस
शेयर मार्केट ट्रेडिंग टाइमिंग
सामान्य दिनों में भारतीय शेयर बाजार सोमवार से शुक्रवार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुला रहता है। प्री-ओपन सेशन 9:00 बजे से 9:15 बजे तक होता है। वहीं, शनिवार और रविवार को बाजार पूरी तरह से बंद रहता है।
पिछले कारोबारी सत्र का अपडेट
मंगलवार, 26 अगस्त को भारतीय शेयर बाजार भारी बिकवाली के चलते लाल निशान में बंद हुआ। सेंसेक्स 849.37 अंक या 1.04% की गिरावट के साथ 80,786.54 पर और निफ्टी 255.70 अंक यानी 1.02% टूटकर 24,712.05 पर बंद हुआ। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 935.30 अंक (1.62%) गिरकर 56,766.20 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 362.95 अंक (2.03%) गिरकर 17,548.60 पर आ गया।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा, मेटल, रियल्टी, मीडिया, एनर्जी, प्राइवेट बैंक और इंफ्रा सभी गिरावट के साथ बंद हुए। सिर्फ एफएमसीजी इंडेक्स हरे निशान में रहा। सेंसेक्स पर एचयूएल, मारुति सुजुकी, आईटीसी, टीसीएस और अल्ट्राटेक सीमेंट टॉप गेनर्स रहे, जबकि सन फार्मा, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, एमएंडएम, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, एलएंडटी, टाइटन, बीईएल, टेक महिंद्रा और पावर ग्रिड सबसे ज्यादा लूजर्स रहे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel