प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की शुरुआत की। इस अवसर पर राज्य की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में सीधे ₹10,000-10,000 की पहली किस्त ट्रांसफर की गई। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कई महिला लाभार्थियों से संवाद किया और उनकी ज़िंदगी में सरकारी योजनाओं से आए बदलाव के अनुभव सुने। महिलाओं ने भी अपने भाव साझा करते हुए पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘भैया’ कहकर संबोधित किया।
नूरजहाँ की कहानी
गया जिले की नूरजहाँ खातून ने पीएम मोदी से बातचीत करते हुए कहा कि पैसे की किस्त मिलने से महिलाएँ बेहद उत्साहित हैं और रोजगार शुरू करने की योजनाएँ बना रही हैं। उन्होंने बताया कि वह इस पैसे से अपनी सिलाई दुकान के लिए काउंटर बनवाएँगी। नूरजहाँ ने कहा कि 125 यूनिट फ्री बिजली मिलने से घर का खर्च कम हुआ है और अब वह बचत कर अपने बच्चों की ट्यूशन फीस भर पा रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि पहले महिलाओं को घर से निकलने पर डाँट-फटकार और मारपीट का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब स्वयं सहायता समूहों की वजह से स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने गर्व से कहा कि अब उनके पति उन्हें परिवार की “लखपति दीदी” मानते हैं।
गया, बिहार की दीदियाँ भी मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा, पहले हम अपने पति को संपत्ति समझती थीं, आज हमारे पति हमें लखपति मानते हैं। अब हम घर से बाहर निकलते हैं, तो परिवार और समाज भी हमारी सफलता से खुश होते हैं।#MahilaRojgarYojana #WomenEmpowerment… pic.twitter.com/49RHigvSqH
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) September 26, 2025
रीता देवी का उद्यम
भोजपुर की रीता देवी ने बताया कि वह 2015 से पोल्ट्री व्यवसाय कर रही हैं। उन्हें मिली राशि से वह 100 और मुर्गियाँ खरीदेंगी, जिससे उनका कारोबार और आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं ने उनकी ज़िंदगी पूरी तरह बदल दी है। उन्हें पीएम आवास योजना के तहत पक्का घर मिला, उज्ज्वला योजना से चूल्हे के धुएँ से राहत मिली, और आयुष्मान योजना ने परिवार को मुफ्त इलाज की सुविधा दी। साथ ही, 125 यूनिट फ्री बिजली से उन्हें हर महीने बचत करने में मदद मिल रही है।
पुतुल देवी का उत्साह
भवानीपुर की पुतुल देवी, जो ‘मुस्कान समूह’ की सचिव हैं, ने बताया कि वह पहले लड्डू-बतासे बेचती थीं। अब उन्हें अतिरिक्त पैसे से बालूशाही, जलेबी और बर्फी बनाने का इरादा है। उन्होंने खुशी जताई कि उनकी सास की पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 कर दी गई है और फ्री बिजली से परिवार को बड़ी राहत मिली है। पुतुल ने कहा कि इस बचत से वह अपने बच्चे को आगे पढ़ा पाएँगी। उनकी बात सुनकर पीएम मोदी ने हल्के अंदाज़ में मजाक भी किया। उन्होंने कहा, “पुतुल देवी जी, आपने जलेबी की बात बोली। आपको मालूम है न, बीच में हमारे देश में जलेबी पर बहुत राजनीति चली थी।”
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel