मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार ने लंबे समय बाद लगातार दूसरे दिन मजबूती दिखाई और हरे निशान में कारोबार की शुरुआत की। हफ्ते के दूसरे दिन बीएसई सेंसेक्स 155.60 अंकों (0.19%) की बढ़त के साथ 80,520.09 अंकों पर खुला। इसी तरह, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी 27.95 अंकों (0.11%) की तेजी के साथ 24,653.00 अंकों पर खुला। इससे पहले सोमवार को भी बाजार मामूली बढ़त के साथ खुला था, लेकिन कारोबार के दौरान जमकर खरीदारी देखने को मिली और बाजार शानदार बढ़त के साथ बंद हुआ था।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 23 कंपनियों के शेयर मंगलवार को बढ़त के साथ खुले, जबकि 5 कंपनियों में गिरावट दर्ज की गई और 2 कंपनियों के शेयर बिना किसी बदलाव के रहे। निफ्टी 50 की बात करें तो इसमें शामिल 50 कंपनियों में से 38 कंपनियों के शेयर हरे निशान में कारोबार शुरू हुए, जबकि 12 कंपनियां लाल निशान में रहीं। सेंसेक्स में शामिल एटरनल के शेयर सबसे ज्यादा 1.18% की बढ़त के साथ खुले, जबकि इंफोसिस के शेयरों में सबसे अधिक 0.30% की गिरावट दर्ज हुई।
अन्य प्रमुख कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 0.92%, बीईएल 0.76%, अडाणी पोर्ट्स 0.63%, बजाज फाइनेंस 0.54%, एनटीपीसी 0.45%, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.39%, एलएंडटी 0.34%, कोटक महिंद्रा बैंक 0.32%, पावरग्रिड 0.23% और टाटा स्टील 0.19% की तेजी के साथ खुले। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, टीसीएस, टाइटन, सनफार्मा, एचडीएफसी बैंक, टाटा मोटर्स, आईटीसी, भारती एयरटेल, एसबीआई, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट और एचसीएल टेक जैसे स्टॉक्स में भी हल्की बढ़त देखने को मिली।
वहीं, गिरावट का सामना करने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स 0.25% नीचे खुले, एक्सिस बैंक 0.23%, आईसीआईसीआई बैंक 0.06% और मारुति सुजुकी 0.03% की गिरावट के साथ कारोबार शुरू हुआ। वहीं, टेक महिंद्रा और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में आज कोई बदलाव नहीं देखा गया।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel