दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्र संघ पदाधिकारियों के निष्कासन को लेकर रविवार (15 फरवरी 2026) को छात्र राजनीति गरमा गई। JNU छात्र संघ (JNUSU) के सदस्यों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के फैसले के खिलाफ जमकर हंगामा किया और चेतावनी रैली निकाली।
प्रशासन के फैसले और UGC दिशा-निर्देशों के खिलाफ विरोध
छात्र संघ के सदस्यों ने निष्कासन आदेश वापस लेने की मांग को लेकर रैली निकाली। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। रिपोर्ट्स के अनुसार, रैली के दौरान कई विवादित और आपत्तिजनक नारे भी लगाए गए, जिससे मामला और गरमा गया।
इसके अलावा ‘ब्राह्मणवाद हो बर्बाद’, ‘ठाकुरवाद हो बर्बाद’, ‘हिंदू राष्ट्र मुर्दाबाद’, ‘BJP, RSS और ब्राह्मणवाद को चीर दो’ जैसे नारे भी लगाए गए। रविवार (15 फरवरी 2026) की रात उग्र छात्रों ने चेतावनी जुलूस निकाला और 16 सूत्रीय माँगों का एक मसौदा भी पेश किया, जिसमें निष्कासितों पर हुई कार्रवाई को रद्द करने और कई अन्य मुद्दों को शामिल किया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के फैसले और UGC के दिशा-निर्देशों को लागू करने पर आपत्ति जताते हुए 16 सूत्रीय मांग पत्र भी पेश किया।
#WATCH | Delhi | Jawaharlal Nehru University Students' Union (JNUSU) held a protest over their various demands, including UGC guidelines, revocation of rustication orders and other issues pic.twitter.com/vt6pHnNDvt
— ANI (@ANI) February 15, 2026
चार पदाधिकारी दो सेमेस्टर के लिए निष्कासित
विश्वविद्यालय प्रशासन ने हाल ही में सख्त कार्रवाई करते हुए JNU छात्र संघ के चार पदाधिकारियों को दो सेमेस्टर के लिए निष्कासित कर दिया था। इसके अलावा पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष नितीश कुमार को भी इसी मामले में निष्कासन का सामना करना पड़ा है।
फेशियल रिकग्निशन गेट तोड़ने का आरोप
प्रशासन के अनुसार नवंबर 2025 में हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान डॉ. बी.आर. आंबेडकर सेंट्रल लाइब्रेरी में लगाए गए फेशियल रिकग्निशन टेक्नोलॉजी आधारित प्रवेश द्वारों को नुकसान पहुंचाया गया था। इन गेट्स की लागत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। प्रशासन ने निष्कासित छात्रों को 16 फरवरी 2026 तक हॉस्टल खाली करने का निर्देश भी दिया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel