बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के बीच भारत में खेलने को लेकर टकराव लगातार गहराता जा रहा है। आईसीसी की ओर से दिए गए अल्टीमेटम के बावजूद बीसीबी अपने रुख पर अड़ा हुआ है। बोर्ड के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने साफ शब्दों में कहा है कि बांग्लादेश किसी भी तरह के दबाव में नहीं आएगा और वह आईसीसी या किसी अन्य बोर्ड की “अनुचित मांगों” को स्वीकार नहीं करेगा।
मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आसिफ नजरुल ने कहा कि बांग्लादेश को अभी तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया गया है कि टीम को टूर्नामेंट से बाहर किया जा सकता है या उसकी जगह किसी दूसरी टीम को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना औपचारिक सूचना के इस तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, जो गलत हैं।
नजरुल ने आईसीसी पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत में खेलने के लिए बांग्लादेश पर अवास्तविक और अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि अगर आईसीसी, बीसीसीआई के दबाव में आकर बीसीबी पर दबाव डालती है, तो बांग्लादेश इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि जब भारत ने पहले पाकिस्तान में खेलने से इनकार किया था, तब आईसीसी ने आयोजन स्थल बदल दिया था। ऐसे में बांग्लादेश का तर्कसंगत अनुरोध क्यों नहीं माना जा रहा, यह सवाल भी उन्होंने उठाया।
इस विवाद के बाद आईसीसी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। बीसीबी के लगातार सख्त रुख को देखते हुए आईसीसी ने अब कड़ा रुख अपनाया है और 21 जनवरी तक बांग्लादेश से अंतिम फैसला बताने को कहा है।
आईसीसी ने संकेत दिए हैं कि यदि बांग्लादेश भारत में अपनी टीम भेजने से इनकार करता है, तो उसकी जगह किसी अन्य टीम को टूर्नामेंट में शामिल किया जा सकता है। मौजूदा रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड की टीम इस रेस में सबसे आगे बताई जा रही है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज सात फरवरी से होना है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला जाएगा। बांग्लादेश को अपना पहला मैच दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेलना है। इसके बाद नौ फरवरी को उसी मैदान पर उसका मुकाबला इटली से होगा।
कोलकाता में दो मुकाबले खेलने के बाद बांग्लादेशी टीम इंग्लैंड से भिड़ेगी। लीग चरण में उसका आखिरी मुकाबला 17 फरवरी को नेपाल के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में प्रस्तावित है। हालांकि, भारत में खेलने को लेकर जारी विवाद के चलते बांग्लादेश की भागीदारी पर अभी भी संशय बना हुआ है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel