मैक्सिको की सेना ने देश के सबसे वांटेड ड्रग माफिया सरगना ‘एल मेंचो’ को मुठभेड़ में मार गिराया है। खास बात यह रही कि इस हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन में उसकी एक गर्लफ्रेंड की अहम भूमिका सामने आई, जिसकी लोकेशन ट्रैक कर सैन्य एजेंसियां उस तक पहुंचीं।
59 वर्षीय ‘एल मेंचो’ का असली नाम नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वांटेस था। वह कुख्यात जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) का प्रमुख था और लंबे समय से अमेरिका और मैक्सिको की एजेंसियों के रडार पर था।
कैसे पहुंची सेना ‘एल मेंचो’ तक?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैन्य खुफिया एजेंसियों को सूचना मिली थी कि ‘एल मेंचो’ की एक गर्लफ्रेंड उससे मिलने पश्चिमी मैक्सिको के खूबसूरत गांव तापाल्पा पहुंचने वाली है। यह गांव ग्वाडलहारा से करीब 130 किलोमीटर दूर स्थित है।
खुफिया इनपुट के बाद सेना ने महिला की मूवमेंट ट्रैक की। बताया गया कि वह ‘एल मेंचो’ के एक करीबी सहयोगी के जरिए तापाल्पा के एक सुरक्षित ठिकाने पर लाई गई थी। शनिवार को वह उससे मिली और वहां से चली गई, लेकिन ‘एल मेंचो’ अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ उसी घर में मौजूद रहा।
इसके बाद मैक्सिको की नेशनल गार्ड की स्पेशल इमीडिएट रिएक्शन फोर्स ने जमीनी और हवाई कार्रवाई की योजना बनाई। रविवार को इलाके को गुप्त रूप से घेरकर घर पर छापा मारा गया।
मुठभेड़ में घायल, अस्पताल ले जाते समय मौत
रक्षा मंत्री रिकार्डो ट्रेविला के अनुसार, ऑपरेशन बेहद हिंसक था। मौके से ऑटोमैटिक राइफलें और दो रॉकेट लॉन्चर बरामद हुए। बताया जाता है कि CJNG के गार्ड पहले भी भारी हथियारों का इस्तेमाल कर चुके थे।
भागने की कोशिश में ‘एल मेंचो’ और उसके गार्ड जंगल क्षेत्र में छिप गए, लेकिन सेना ने उन्हें ढूंढ निकाला। मुठभेड़ में वह और उसके दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
तीनों को हेलीकॉप्टर से ग्वाडलहारा के अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद शवों को मैक्सिको सिटी भेजकर जनरल प्रॉसीक्यूटर ऑफिस को सौंप दिया गया।
सुरक्षा मंत्री उमर गार्सिया हरफुच ने पुष्टि की कि ओसेगुएरा का शव परिवार को सौंपा जाएगा। अंतिम संस्कार को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
कौन था ‘एल मेंचो’?
‘एल मेंचो’ को दुनिया के सबसे खतरनाक ड्रग लॉर्ड्स में गिना जाता था। CJNG मैक्सिको के सबसे शक्तिशाली और हिंसक कार्टेल्स में से एक है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी, हथियारों की सप्लाई और संगठित अपराध में शामिल रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel