महाराष्ट्र में 12 जिलों की 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनावों के लिए मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में राजनीतिक तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। अब तक 268 सीटों के रुझान सामने आए हैं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 85 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) 50 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है। एनसीपी भी मजबूत प्रदर्शन करते हुए 66 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि कांग्रेस फिलहाल 22 सीटों पर आगे है।
अन्य दलों की बात करें तो शिवसेना (यूबीटी) 21 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि एससीपी (एसपी) 5 सीटों पर आगे है और अन्य उम्मीदवार 11 सीटों पर बढ़त में हैं। इन चुनावों के लिए मतदान 7 फरवरी को हुआ था, जिसमें राज्यभर में लगभग 67 से 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। ग्रामीण इलाकों में मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला और मतदान केंद्रों पर सुबह से लंबी कतारें नजर आईं।
इस बीच धाराशिव जिले के मतगणना केंद्र पर भारी हंगामे की खबर सामने आई है। कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की तस्वीरें सामने आई हैं। उम्मीदवारों के अधिकृत प्रतिनिधियों का आरोप है कि उन्हें मतगणना केंद्र के अंदर जाने से रोका जा रहा है। उनका कहना है कि वे लंबे समय से गेट पर इंतजार कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन उन्हें प्रवेश नहीं दे रहा। गेट पर कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा होने के कारण तनावपूर्ण माहौल बन गया है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
आक्रोशित प्रतिनिधियों ने गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि क्या उन्हें बाहर रखकर सत्ताधारी दल के पक्ष में परिणाम घोषित करने की साजिश की जा रही है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। हालांकि अधिकारियों की ओर से अभी तक इस मामले पर विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।
महाराष्ट्र जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव में कुल 7,438 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी राजनीतिक किस्मत का फैसला मतगणना के साथ हो रहा है। 12 जिलों में जिला परिषद की 731 सीटों और पंचायत समिति की 1,462 सीटों के लिए मतदान कराया गया था। छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव, लातूर, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। अब सभी की निगाहें अंतिम नतीजों पर टिकी हुई हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel