परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के दूसरे एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के छात्रों से सीधी बातचीत की और उनके सवालों के जवाब दिए। यह एपिसोड अलग-अलग राज्यों में शूट किया गया था, जिसे एक साथ जारी किया गया। कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने छात्रों को परीक्षा की तैयारी, तनाव प्रबंधन और बेहतर प्रदर्शन के लिए कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए। इस इंटरैक्टिव सेशन में गुजरात के आदिवासी समुदाय के छात्रों ने भी हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री से सीधे सवाल पूछे।
कार्यक्रम के दौरान एक छात्र ने पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर प्रधानमंत्री मोदी से सवाल किया। छात्र ने कहा कि हमले के बाद पूरे देश की नजर प्रधानमंत्री पर थी और लोग चर्चा कर रहे थे कि आगे क्या होगा। छात्र ने यह भी पूछा कि ऐसे तनावपूर्ण समय में पीएम मोदी ने अपने तनाव को कैसे संभाला, जबकि छात्रों को तो परीक्षा का तनाव ही भारी लगता है।
परीक्षा पे चर्चा के दौरान
ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा!#ParikshaPeCharcha #PMModi pic.twitter.com/PK6qDNvi72
— Ashish Mishra (@ashishmishrabjp) February 9, 2026
इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि हर व्यक्ति को तनाव का अनुभव होता है, लेकिन उसे संभालने का तरीका महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने छात्रों से कहा कि पुरानी परीक्षाओं को याद करें — जब परीक्षा से पहले तनाव ज्यादा लगता है, लेकिन परीक्षा देने के बाद एहसास होता है कि डर उतना बड़ा नहीं था। उन्होंने बताया कि तनाव के समय सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बनाए रखना जरूरी है।
परीक्षा के तनाव से निपटने के लिए पीएम मोदी ने छात्रों को खास सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ पढ़ना ही नहीं, बल्कि लिखने और पेपर सॉल्व करने की आदत डालना बेहद जरूरी है। नियमित अभ्यास से आत्मविश्वास बढ़ता है और तनाव कम होता है। इसके अलावा उन्होंने अच्छी नींद को भी सफलता की कुंजी बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्याप्त नींद लेने से दिमाग तरोताजा रहता है और नए विचार एवं बेहतर समाधान सामने आते हैं।
‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम हर साल छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच काफी लोकप्रिय रहता है। इस मंच के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों को प्रेरित करते हुए उन्हें पढ़ाई के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए मार्गदर्शन देते हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel