आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में एलामंचिली के पास सोमवार तड़के टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह हादसा रात लगभग 1:30 बजे हुआ, जब ट्रेन दु्व्वाडा स्टेशन पार कर आगे बढ़ रही थी। आग सबसे पहले पैंट्री कार में लगी और तेजी से पास के B-1 और M-2 एसी कोचों तक फैल गई।
धुआँ उठता देख लोको पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को रोका और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। हालांकि आग की भयावहता के कारण दोनों एसी कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए। यात्रियों का सारा सामान भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
#UPDATE | Anakapalli, Andhra Pradesh | One passenger died in the fire incident: Anakapalli SP Tuhin Sinha https://t.co/dvsWIlDf8B
— ANI (@ANI) December 29, 2025
इस दर्दनाक हादसे में विजयवाड़ा निवासी 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदर की मौत हो गई। वे B-1 कोच में यात्रा कर रहे थे और आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। आग फैलते देख कई यात्री घबराहट में ट्रेन से कूद गए, हालांकि अधिकांश यात्री सुरक्षित बचा लिए गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें अनाकापल्ली, एलामंचिली और नक्कापल्ली से मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रेलवे अधिकारियों ने तत्काल हेल्पलाइन नंबर जारी किए और यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की।
प्रभावित यात्रियों को बसों के जरिए समरलाकोटा स्टेशन ले जाया गया, जहां ट्रेन में नए एसी कोच जोड़े गए। जले हुए कोचों को अलग करने के बाद ट्रेन को आगे एर्नाकुलम के लिए रवाना किया गया।
इस हादसे का असर विशाखापत्तनम–विजयवाड़ा रूट पर भी देखने को मिला, जहां कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। करीब 2000 यात्री ठंड में घंटों तक फंसे रहे। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाने का आश्वासन भी दिया गया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel