लेह हिंसा मामले पर लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने स्थिति को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले चार दिनों से हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक लोग स्वतंत्र रूप से आ-जा रहे हैं और वाहन भी सामान्य रूप से चल रहे हैं। व्यावसायिक वाहनों को अनुमति दी गई है और आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूल भी खुल गए हैं। गुप्ता ने उम्मीद जताई कि एक-दो दिनों में सब कुछ पूरी तरह से सामान्य हो जाएगा। साथ ही उन्होंने 24 सितंबर को हुई घटना को “दर्दनाक और दुखद” बताते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
#WATCH | Lieutenant Governor of Ladakh Kavinder Gupta says, "For the past four days, from 10 am until 6 pm, people have been coming and going. Vehicles are running normally. Even today, commercial vehicles are allowed. All educational centres up to the eighth grade have been… pic.twitter.com/mEbXgIsMoq
— ANI (@ANI) October 3, 2025
सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी पर उपराज्यपाल ने कहा कि कार्रवाई पूरी तरह सबूतों के आधार पर की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि अदालत या किसी अन्य मंच पर जाना वांगचुक का अधिकार है और यह मौलिक अधिकारों के दायरे में आता है। गुप्ता ने साफ किया कि जो लोग दोषी पाए जाएंगे, उन पर कार्रवाई होगी, जबकि कई लोगों को पहले ही रिहा किया जा चुका है और उन्हें जमानत मिल गई है। इस मामले में मजिस्ट्रेट जांच भी शुरू कर दी गई है ताकि सभी तथ्यों की पारदर्शी तरीके से जांच हो सके।
उन्होंने आगे कहा कि लद्दाख एक संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्र है, इसलिए यहां शांति बनाए रखना बेहद जरूरी है। बातचीत को उन्होंने समाधान का सबसे अहम माध्यम बताया और कहा कि जब हम साथ बैठते हैं, तभी निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय ने सर्वोच्च निकाय (Apex Body) को बातचीत के लिए 22 सितंबर से 6 अक्टूबर तक आमंत्रित किया है।
गौरतलब है कि लेह की एक अदालत ने 24 सितंबर को हुई हिंसा मामले में गिरफ्तार किए गए 26 लोगों को अंतरिम जमानत दे दी है। यह हिंसा उस समय भड़की थी जब लद्दाख को छठी अनुसूची का दर्जा और राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। इसी दौरान पुलिस की गोलीबारी में चार नागरिकों की मौत हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel