बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और वामपंथी नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पात्रा का कहना है कि वर्ष 2014 से लगातार कांग्रेस और राहुल गांधी की सोशल मीडिया टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत को अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। उनके अनुसार, यह टीम विदेशी ताकतों की मदद लेने से भी पीछे नहीं हटती और विदेशों में जाकर देश के खिलाफ बयान देने जैसी गतिविधियों में शामिल रहती है।
संबित पात्रा ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हाल ही में एक नया फीचर आया है, जिसके माध्यम से यह पता लगाया जा सकता है कि कोई अकाउंट किस देश से ऑपरेट हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा का अकाउंट जांचा गया, तो वह अमेरिका से संचालित पाया गया। इसी तरह महाराष्ट्र कांग्रेस का अकाउंट आयरलैंड आधारित और हिमाचल कांग्रेस का अकाउंट थाईलैंड से जुड़ा हुआ दिखा।
ऑपरेशन सिंदूर, वोट चोरी और संघ परिवार/मोदी जी, इन तीन उदाहरणों से समझें कि कैसे भारत में कुछ नैरेटिव राहुल गांधी, कांग्रेस और लेफ्ट इकोसिस्टम द्वारा गढ़े और फैलाए गए। pic.twitter.com/IIMNJYw1Ug
— Sambit Patra (@sambitswaraj) November 27, 2025
पात्रा के अनुसार, कई इन्फ्लुएंसर्स के अकाउंट भी विदेशों से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि प्रतीक सिन्हा का लोकेशन मलेशिया से जुड़ा मिला, ऑल्ट न्यूज़ का अकाउंट अमेरिका से ऑपरेट होता है, और द कारवां इंडिया का अकाउंट भी अमेरिका में स्थित दिखा। उन्होंने यह भी कहा कि कई वामपंथी और कांग्रेसी इकोसिस्टम से जुड़े अकाउंट पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों से ऑपरेट हो रहे हैं। पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में भारत के खिलाफ बोलने के साथ-साथ विदेशों में बैठे व्यक्तियों को देश में नैरेटिव सेट करने का काम भी सौंप रहे हैं।
बीजेपी नेता ने कहा कि कांग्रेस और वामपंथी इकोसिस्टम से जुड़े ये अकाउंट भारत में तीन बड़े नैरेटिव स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। पहला नैरेटिव “वोट चोरी” का है, जिसके माध्यम से चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने की कोशिश की जा रही है। दूसरा नैरेटिव यह दिखाने की कोशिश करता है कि पीएम मोदी और सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आत्मसमर्पण कर दिया था। पात्रा के अनुसार, इस नैरेटिव को आगे बढ़ाने में पाकिस्तान, पश्चिम एशिया और बांग्लादेश के हैंडल शामिल थे। तीसरा नैरेटिव संघ और प्रधानमंत्री मोदी को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel