दिल्ली सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को अटल कैंटीन योजना की शुरुआत की है। इस कैंटीन में जरूरतमंद लोगों को मात्र 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस पहल का उल्लेख भाजपा के दिल्ली चुनाव घोषणापत्र में भी किया गया था। सरकार की योजना पूरे दिल्ली में कुल 100 अटल कैंटीन खोलने की है, जिनमें से पहले चरण में 45 कैंटीन शुरू की गई हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अटल कैंटीन का उद्घाटन करते हुए कहा कि आने वाले 15 दिनों के भीतर 55 और कैंटीन शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के जरिए दिल्ली के जरूरतमंद वर्ग को सम्मानजनक ढंग से भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि अटल कैंटीन के माध्यम से दिल्ली सरकार एक सेवा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। कोई भी व्यक्ति यहां सम्मान के साथ केवल पांच रुपये में भोजन कर सकता है, जबकि शेष 25 रुपये की सब्सिडी दिल्ली सरकार की ओर से दी जाएगी। उन्होंने कहा, “अटल कैंटीन दिल्ली की आत्मा बनेगी, अब यहां किसी को भी भूखा नहीं सोना पड़ेगा।”
#WATCH | Delhi CM Rekha Gupta says, "This is a major scheme in Delhi for the needy and for our working brothers and sisters, where they can come to the Atal Canteen and have a meal for just Rs 5. It's a plan that will provide everyone with easier access to the necessities of… https://t.co/BpQb2rSEkE pic.twitter.com/1sJvSbg84M
— ANI (@ANI) December 25, 2025
गुरुवार को आरके पुरम, जंगपुरा, शालीमार बाग, ग्रेटर कैलाश, राजौरी गार्डन, नरेला और बवाना समेत कई इलाकों में इन 45 कैंटीन की शुरुआत की गई। सरकार ने संकेत दिया है कि शुरुआती चरण के संचालन और लोगों की प्रतिक्रिया के आधार पर भविष्य में अटल कैंटीन नेटवर्क का और विस्तार किया जाएगा।
इन कैंटीन में दिन में दो बार भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। दोपहर का भोजन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक और रात का भोजन शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे के बीच मिलेगा। अनुमान है कि प्रत्येक कैंटीन में रोजाना 500 से 1000 लोगों को भोजन कराया जाएगा।
भोजन में दाल-चावल, रोटी और सब्जी परोसी जाएगी। भुगतान के लिए मैन्युअल कूपन के बजाय डिजिटल टोकन सिस्टम अपनाया गया है। कैंटीन की रियल-टाइम मॉनिटरिंग सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी, ताकि पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
अटल कैंटीन में एलपीजी से चलने वाले चूल्हे, इंडस्ट्रियल ग्रेड आरओ वाटर सिस्टम और कोल्ड स्टोरेज जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां परोसे जाने वाले भोजन के नमूनों की FSSAI और NABL से मान्यता प्राप्त लैब में नियमित जांच कराई जाएगी।
इसके अलावा, कैंटीन संचालकों को हर महीने एक अनिवार्य रिपोर्ट देनी होगी, जिसमें स्वच्छता मानक, कर्मचारियों की सेहत और सुरक्षा से जुड़ी अनुपालना का विवरण शामिल होगा। सरकार का कहना है कि इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य सस्ता, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करना है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel