ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा भले ही विदेश में रह रही हों, लेकिन भारतीय संस्कृति और परंपराओं से उनका जुड़ाव अब भी मजबूत है। अब उनके पति और इंटरनेशनल सिंगर निक जोनस भी भारतीय संस्कृति और हिंदू मूल्यों को गहराई से समझने लगे हैं। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में निक जोनस ने बताया कि वह अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस की परवरिश हिंदू मूल्यों के साथ कर रहे हैं और इस धर्म ने उनकी आध्यात्मिक सोच को भी प्रभावित किया है।
निक जोनस इन दिनों अपने एल्बम ‘संडे बेस्ट’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी दौरान Zach Sang Show में बातचीत करते हुए उन्होंने अपने परिवार, पेरेंटिंग और भारतीय संस्कृति से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि एक पिता के रूप में बच्चे को नई चीजें सीखते देखना बेहद खास अनुभव होता है।
निक ने कहा कि माता-पिता होने का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि बच्चे के साथ सहानुभूति और प्यार से पेश आना सीखना पड़ता है। उन्होंने बताया कि अब वह ऐसे गाने लिख रहे हैं जिनसे अपनी बेटी को जीवन के मूल्यों को समझा सकें। निक ने यह भी कहा कि उनकी बेटी को उनका गाना ‘Love Me To Heaven’ बेहद पसंद है।
भारतीय संस्कृति के बारे में पूछे जाने पर निक जोनस ने कहा कि भारत की उनकी पहली यात्रा उनके लिए जादुई अनुभव थी। प्रियंका चोपड़ा के परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने से उन्हें भारतीय परंपराओं को करीब से समझने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि कुछ भारतीय त्योहार अब उनके पसंदीदा त्योहार बन चुके हैं और उनके जीवन की कई खास यादें भारत से जुड़ी हैं।
निक जोनस ने कहा, “मैंने हिंदू धर्म के बारे में बहुत कुछ सीखा है। यह गहरा, सुंदर और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध है। कर्म का सिद्धांत और दूसरों के साथ वैसा ही व्यवहार करना जैसा आप अपने साथ चाहते हैं, बेहद प्रेरणादायक है।” उन्होंने आगे कहा कि इस अनुभव ने उनकी आध्यात्मिकता को बदल दिया है और उनका विश्वास पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है।
निक ने बताया कि वह और प्रियंका अपनी बेटी मालती को हिंदू मूल्यों और भारतीय संस्कृति की समझ के साथ बड़ा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके व्यक्तित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। दिलचस्प बात यह है कि निक जोनस के पिता ‘असेंबलीज ऑफ गॉड चर्च’ में पादरी रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद निक भारतीय संस्कृति और हिंदू दर्शन से गहराई से प्रभावित हुए हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel