उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के समग्र विकास और सुशासन के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक में सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य में राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कार्य प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन्होंने इन दस्तावेजों को गलत तरीके से बनवाया है, उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, और जो लोग इस प्रक्रिया में संलिप्त पाए जाएं, उन पर भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई हो।
मुख्यमंत्री ने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया को भी तेज करने के निर्देश दिए और कहा कि जिलों में नियमित रूप से सरकारी भूमि से अवैध कब्जों को हटाया जाए। उन्होंने ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के अंतर्गत आस्था की आड़ में जनता को गुमराह करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
वर्तमान में राज्य में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए सीएम धामी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी टीमों के साथ ग्राउंड ज़ीरो पर लगातार सक्रिय रहें। बारिश के कारण यदि सड़कों, विद्युत या पेयजल आपूर्ति में कोई बाधा उत्पन्न होती है, तो उसे शीघ्र सुचारु किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों का नियमित निरीक्षण जिलाधिकारी करें। इस दौरान अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति, उपकरणों की कार्य स्थिति और स्वच्छता व्यवस्था की विशेष रूप से समीक्षा की जाए। सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि वे स्वयं भी औचक निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायज़ा लेंगे।
प्रदेश में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी मुख्यमंत्री ने बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दी जाए और आम जनता को भी स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिए जागरूक किया जाए। इसके लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियानों को जनजागरूकता के माध्यम से आगे बढ़ाया जाए।
अंत में, मुख्यमंत्री ने प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सभी की कर्तव्यनिष्ठा और सहयोग के कारण पंचायत चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए हैं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्य के वरिष्ठ अधिकारी, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, विनय शंकर पांडेय, एडीजी ए.पी. अंशुमन, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित थे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel