पटना एयरपोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, 10 दिन में दूसरी घटना से मचा हड़कंप
पटना एयरपोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यह घटना पिछले 10 दिनों में दूसरी बार सामने आई है। शुक्रवार रात को एयरपोर्ट डायरेक्टर के ईमेल पर धमकी भरा मेल आया, जिसके बाद तुरंत बम निरोधक दस्ते (BDS) को अलर्ट किया गया और पूरे एयरपोर्ट परिसर की कड़ाई से तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जानकारी के मुताबिक, 11 जुलाई को रात 9:09 बजे pk_nawas@outlook.com नामक मेल आईडी से एयरपोर्ट डायरेक्टर को धमकी भरा मेल भेजा गया। यह मेल डायरेक्टर द्वारा करीब 9:50 बजे देखा गया, जिसके बाद तुरंत बम धमकी मूल्यांकन समिति (BTAC) की बैठक 10:05 बजे बुलाई गई। समीक्षा के बाद रात 11 बजे इस धमकी को गैर-विशिष्ट (Non-Specific) करार दिया गया।
धमकी की जानकारी मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था और चौकसी बढ़ा दी गई। फिलहाल पटना पुलिस और साइबर क्राइम सेल जांच में जुट गई हैं कि यह ईमेल कहां से और किसने भेजा।
गौरतलब है कि 10 दिन पहले भी इसी तरह का धमकी भरा मेल एयरपोर्ट को मिला था, जिससे सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया था। लगातार दो बार ऐसी घटनाओं के सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया है और एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
फिलहाल पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही सामान्य है, लेकिन सुरक्षा बल पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।