दक्षिणी जर्मनी में ट्रेन हादसा: तीन की मौत, कई घायल, हादसे के पीछे बारिश या भूस्खलन की आशंका
दक्षिणी जर्मनी के रीडलिंगन इलाके में रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हुआ, जिसमें एक यात्री ट्रेन पटरी से उतर गई। हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के समय ट्रेन में लगभग 100 यात्री सवार थे। यह ट्रेन सिग्मारिंजेन शहर से उल्म की ओर जा रही थी। हादसे का स्थान म्यूनिख से करीब 158 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।
🚨 Train derailment in Germany: 3 dead, 50+ injured
A passenger train went off the rails — likely due to a landslide.
A storm may have washed out the embankment just before the crash.
📰 Schwäbische Zeitung reports: the front car derailed left, and carriages flew 5 meters up a… pic.twitter.com/dFTV6TTDOB
— NEXTA (@nexta_tv) July 28, 2025
हादसे का कारण क्या हो सकता है?
बाडेन वुर्टेमबर्ग राज्य के गृह मंत्री थॉमस स्ट्रोबल ने कहा कि इस क्षेत्र में भारी बारिश हुई है, इसलिए संभावना है कि बारिश या भूस्खलन इस हादसे का कारण हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस और रेलवे अधिकारी फिलहाल हादसे की जांच में जुटे हैं और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
राहत और बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद इलाके में हेलीकॉप्टरों और आपातकालीन सेवाओं की तैनाती की गई। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। आसपास के अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया और आपातकालीन डॉक्टरों को भी मौके पर भेजा गया। दुर्घटना के कारण ट्रैक पर परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
जर्मन चांसलर और रेल कंपनी की प्रतिक्रिया
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना और दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं जाहिर कीं। जर्मनी की राष्ट्रीय रेल कंपनी ‘डॉयचे बान’ ने भी हादसे को लेकर बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया कि वे जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। कंपनी ने भी पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई है।
जर्मनी में रेल परिवहन और हाल के हादसे
हाल के वर्षों में जर्मनी में रेल सेवाओं की विश्वसनीयता को लेकर आलोचना बढ़ी है। ट्रेनें अक्सर देरी, तकनीकी खराबी, और अनियमित संचालन का सामना करती हैं। इससे पहले जून 2022 में बवेरियन अल्पाइन रिसॉर्ट के पास एक ट्रेन पटरी से उतर गई थी, जिसमें चार लोगों की मौत हुई थी।
जर्मनी में अब तक की सबसे भयानक रेल दुर्घटना 1998 में एस्केडे में हुई थी, जब एक हाई-स्पीड ट्रेन के पटरी से उतरने से 101 लोगों की जान चली गई थी।