छत्तीसगढ़ के बिल्हा थाना क्षेत्र के डोड़कीभाठा में गणेश चतुर्थी के दिन बड़ा बवाल खड़ा हो गया। यहाँ एक युवती का गौमांस काटते हुए वीडियो सामने आया, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो फैलते ही इलाके में माहौल गरमा गया और गौ-रक्षक विरोध जताने मौके पर पहुँच गए।
हालांकि विरोध करने आए गौ-रक्षकों पर स्थानीय मोहल्ले वालों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में चार गौ-रक्षक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को काबू में किया।
पुलिस ने मौके से गौमांस के सैंपल जब्त किए और युवती समेत कई लोगों को हिरासत में लिया। वहीं गौ-रक्षकों का आरोप है कि पुलिस को पहले ही जानकारी दे दी गई थी, लेकिन देरी से पहुँचने की वजह से हमला हुआ।
स्थिति को सामान्य करने और किसी भी तरह की और अनहोनी से बचने के लिए एसएसपी ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस इस पूरे विवाद से जुड़े तथ्यों की गहन छानबीन कर रही है।